तकलेच में अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया समापन

Share this post

खेल प्रतिभाओं को निखारने में अहम भूमिका निभा रही प्रदेश सरकार: रोहित ठाकुर

देवभूमि न्यूज 24
शिमला/तकलेच

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तकलेच में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। समापन समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नंद लाल विशेष अतिथि रहे।

इस प्रतियोगिता में 20 ब्लॉकों के 692 विद्यार्थियों ने दम दिखाया, जिनमें 519 सरकारी और 173 निजी स्कूलों के छात्र शामिल थे। छात्रों ने वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और बैडमिंटन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी: शिक्षा मंत्री

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। खेल शारीरिक-मानसिक विकास के साथ अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना भी सिखाते हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार ने साढ़े तीन साल में शिक्षा क्षेत्र में 9 हजार से अधिक नौकरियां दी हैं। प्रदेश में 14,663 शिक्षण संस्थानों में 65 हजार से अधिक शिक्षक 7 लाख से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा दे रहे हैं। प्रदेश की साक्षरता दर 99.30% हो गई है और स्कूली शिक्षा में हिमाचल देश में छठे व राज्यों में तीसरे स्थान पर है।

खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल चल रहे हैं जहां अंडर-14, 17 और 19 वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। खिलाड़ियों की डाइट मनी 120 से बढ़ाकर 250 रुपये प्रतिदिन की गई है। 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में हिमाचल के खिलाड़ियों ने 48 पदक (8 स्वर्ण, 11 रजत, 29 कांस्य) जीते, जबकि पिछले सत्र में 22 छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।

तकलेच स्कूल के लिए 10 लाख की घोषणा

शिक्षा मंत्री ने बरसात से क्षतिग्रस्त हुए तकलेच स्कूल के खेल मैदान व दीवार की मरम्मत के लिए पहले चरण में 10 लाख रुपये और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 100 स्कूलों को सीबीएसई बनाने की योजना में तकलेच स्कूल को भी शामिल किया जाएगा।

विजेताओं को किया सम्मानित

  • कबड्डी: प्रथम – नेरवा, द्वितीय – रोहड़ू
  • वॉलीबॉल: प्रथम – रोहड़ू, द्वितीय – नेरवा
  • खो-खो: प्रथम – रोहड़ू, द्वितीय – मतियाना
  • बैडमिंटन: प्रथम – नेरवा, द्वितीय – देहा

समारोह में अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, सहायक निदेशक अजय पांटा, जिला परिषद सदस्य रोनी राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

राजनीति, शिक्षा, खेल, गांव से लेकर देश-दुनिया की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए – देवभूमि न्यूज 24 | खबर/विज्ञापन व पत्रकार बनने हेतु व्हाट्सएप करें: 9816216579