लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी का प्रेरक प्रसंग़- संपादक

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 विशेष – 02 अक्टूबर, शास्त्री जयंती

भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सादगी व महानता की प्रतिमूर्ति थे। उनके जीवन के अनेक प्रसंग हम सबके लिए प्रेरणादायक हैं। जयंती पर उनकी महानता से जुड़ा एक प्रसंग…

बात तब की है, जब शास्त्री जी देश के प्रधानमंत्री पद को सुशोभित कर रहे थे। एक दिन वे एक कपड़े की मिल देखने गए। उनके साथ मिल मालिक, उच्च अधिकारी व अन्य विशिष्ट लोग भी थे।

मिल देखने के बाद शास्त्री जी गोदाम में पहुंचे और साड़ियां दिखाने को कहा। मालिक और अधिकारियों ने एक से एक खूबसूरत साड़ियां उनके सामने फैला दीं।

शास्त्री जी ने पूछा – “साड़ियां तो बहुत अच्छी हैं, क्या मूल्य है इनका?”

“जी, यह साड़ी 800 रुपये की है और यह वाली 1000 रुपये की है।” मिल मालिक ने बताया।

“ये बहुत अधिक दाम की हैं। मुझे कम मूल्य की साड़ियां दिखलाइए,” शास्त्री जी ने कहा। ध्यान रहे यह घटना 1965 की है, तब 1000 रुपये की कीमत बहुत अधिक थी।

“जी, यह देखिए। यह 500 रुपये की है और यह 400 रुपये की” – मालिक ने दूसरी साड़ियां दिखाईं।

“अरे भाई, यह भी बहुत कीमती हैं। मुझ जैसे गरीब के लिए कम मूल्य की साड़ियां दिखलाइए, जिन्हें मैं खरीद सकूं।” शास्त्री जी बोले।

“वाह सरकार, आप तो हमारे प्रधानमंत्री हैं, गरीब कैसे? हम तो आपको ये साड़ियां भेंट कर रहे हैं।” मिल मालिक कहने लगा।

“नहीं भाई, मैं भेंट में नहीं लूंगा”, शास्त्री जी स्पष्ट बोले।

“क्यों साहब? हमें यह अधिकार है कि हम अपने प्रधानमंत्री को भेंट दें”, मालिक ने अधिकार जताया।

शास्त्री जी ने बड़ी शांति से जवाब दिया – “हां, मैं प्रधानमंत्री हूं, पर इसका अर्थ यह तो नहीं कि जो चीजें मैं खरीद नहीं सकता, वह भेंट में लेकर अपनी पत्नी को पहनाऊं। भाई, मैं प्रधानमंत्री हूं पर हूं तो गरीब ही। आप मुझे सस्ते दाम की साड़ियां ही दिखलाएं। मैं तो अपनी हैसियत की साड़ियां ही खरीदना चाहता हूं।”

मिल मालिक की सारी अनुनय-विनय बेकार गई। देश के प्रधानमंत्री ने कम मूल्य की साड़ियां ही दाम देकर अपने परिवार के लिए खरीदीं। ऐसे महान थे शास्त्री जी, लालच जिन्हें छू तक नहीं सका था।

🇮🇳 लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन 🇮🇳
#जय_हिन्द_जय_भारत

ऐसे ही प्रेरक प्रसंगों और खबरों के लिए पढ़ते रहिए – देवभूमि न्यूज 24 | व्हाट्सएप: 9816216579