देवभूमि न्यूज 24 – धर्म विशेष
हिंदू शास्त्रों में पितृ-कर्म का विशेष महत्व बताया गया है। अक्सर मन में प्रश्न उठता है कि पिंडदान और श्राद्ध आदि कर्म पुत्र द्वारा ही क्यों करवाए जाते हैं? इसका उत्तर हमारे धर्मग्रंथों में स्पष्ट रूप से मिलता है।
आचार्य वसिष्ठ ने कहा है –
‘अपुत्रिण इत्यभिशापः’ – वसिष्ठ स्मृति 17/3
अर्थात पुत्रहीनता एक प्रकार का अभिशाप है।
आगे बताया गया है –
‘पुत्रेण लोकाञ्जयति पौत्रेणानन्त्यमश्नुते।’ – वसिष्ठ स्मृति 17/5
अर्थात पिता, पुत्र होने से लोकों को जीत लेता है, पौत्र होने पर आनन्त्य को प्राप्त करता है और प्रपौत्र होने पर सूर्यलोक को प्राप्त करता है।
मनु महाराज का वचन है –
‘पुंनाम्नो नरकादस्मात् त्रायते पितरं सुतः। तस्मात्पुत्र इति प्रोक्तः स्वयमेव स्वयंभुवा॥’ – मनुस्मृति 9/138
अर्थात ‘पु’ नामक नरक से ‘त्र’ त्राण करने वाला ‘पुत्र’ कहा जाता है। स्वयं ब्रह्मा जी ने पुत्र की यह परिभाषा दी है।
इसीलिए आस्तिक जन नरक से रक्षा के लिए पुत्र की इच्छा करते हैं और पिंडदान, श्राद्धादि कर्म करने का अधिकार पुत्र को दिया गया है।
शास्त्रों में यह भी कहा गया है कि पुत्र वाले धर्मात्माओं की कभी दुर्गति नहीं होती। पुत्र का मुख देख लेने से पिता पितृ-ऋण से मुक्त हो जाता है। पुत्र द्वारा किए गए श्राद्ध से मनुष्य स्वर्ग को प्राप्त करता है।
ज्येष्ठ पुत्र का विशेष अधिकार
धर्मराज के मतानुसार, यदि किसी के अनेक पुत्र हों, तो श्राद्ध आदि पितृ-कर्म और वैदिक कर्म ज्येष्ठ पुत्र द्वारा करने से ही सफल होते हैं। भाइयों को अलग-अलग पिंडदान नहीं करना चाहिए।
शास्त्रों में श्राद्ध के अधिकार का क्रम इस प्रकार बताया गया है – पिता का श्राद्ध पुत्र को ही करना चाहिए। पुत्र के अभाव में पत्नी, पत्नी के अभाव में सहोदर भाई और उसके भी अभाव में जामाता एवं दौहित्र भी श्राद्ध के अधिकारी हैं।
🚩हरिऊँ🚩
धर्म-ज्योतिष की हर खबर के लिए पढ़ते रहिए – देवभूमि न्यूज 24 | व्हाट्सएप: 9816216579








