देवभूमि न्यूज 24
शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 20वें एशियाई खेलों में कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम की तीन हिमाचली खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।
स्वर्ण पदक विजेता तीनों खिलाड़ियों ने आज शिमला में मुख्यमंत्री से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उन्हें हिमाचली टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही इन खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित करेगी, जिसमें घोषित पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में सेवाएं देने की इच्छुक नहीं होंगी, उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी। इससे वे प्रदेश में खेलों के प्रोत्साहन और विकास में योगदान देने के साथ-साथ अपने खेल करियर को भी जारी रख सकेंगी।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेल नीति में संशोधन कर खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। प्रदेशभर में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हिमाचली खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी शानदार उपलब्धियों के सम्मान में एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल तथा मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान भी उपस्थित रहे।
देवभूमि न्यूज 24
जीवन-दर्शन, अध्यात्म, राजनीति, खेल, फिल्म, गांव से लेकर देश-दुनिया की खबर के लिए पढ़ते रहिए
अपने क्षेत्र की समस्याओं और विज्ञापन के लिए व्हाट्सऐप 9816216579 पर संपर्क करें।








