युवाओं को रोजगार के हिसाब से प्रशिक्षण देना प्राथमिकता – उपायुक्त

Share this post

शिमला जिला कौशल समिति की बैठक में PMKVY 4.0 के तहत प्रशिक्षण लक्ष्यों की समीक्षा

देवभूमि न्यूज 24 / शिमला – 06 अक्टूबर, 2026

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय शिमला में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के तहत जिला में कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों की प्रगति तथा निर्धारित लक्ष्यों पर चर्चा की गई।

बैठक में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (HPKVN) द्वारा जिला के लिए प्रशिक्षण लक्ष्य प्रस्तुत किया गया। PMKVY 4.0 के अंतर्गत जिला में कुल 2,670 प्रशिक्षण का टारगेट निर्धारित किया गया है। इसमें 1,080 शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग (STT) तथा 1,590 रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (RPL) शामिल हैं।

38वीं EC के तहत 810 युवाओं को STT –
38वीं एग्जीक्यूटिव कमेटी के तहत 810 अभ्यर्थियों के लिए शॉर्ट टर्म प्रशिक्षण लक्ष्य पर चर्चा हुई। यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से पर्यटन एवं आतिथ्य तथा पर्यावरण विज्ञान क्षेत्रों में प्रस्तावित है। पर्यटन क्षेत्र में असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, नेचर गाइड, गेस्ट सर्विस एग्जीक्यूटिव, जबकि पर्यावरण विज्ञान में ग्रीन एनर्जी सुपरवाइजर जैसे जॉब रोल के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

37वीं EC के अंतर्गत हेल्थकेयर में 270 STT तथा होम मैनेजमेंट एवं केयरगिवर में 270 RPL निर्धारित हैं। वहीं 38वीं EC के तहत 810 STT तथा 1,320 RPL का लक्ष्य रखा गया है।

उपायुक्त ने दिए निर्देश –
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने निर्देश दिए कि ट्रेनर के हिसाब से नहीं, बल्कि युवाओं को जिस कोर्स के बाद रोजगार मिल सके ऐसे प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाए। युवाओं को उनकी रुचि, योग्यता और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य युवाओं को बाजार की मांग के अनुरूप कौशल देकर रोजगार व स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।

बैठक में अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिमला डॉ. भुवन शर्मा, प्रधानाचार्य IHM कुफरी डॉ. मुकुल डिमरी, LDM प्रद्युम्न नेगी, जिला रोजगार अधिकारी प्रवीण नगराईक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

IHM कुफरी में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण –
बैठक में फैसला लिया गया कि IHM कुफरी में जिला की महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को हॉस्पिटैलिटी, कुकिंग प्रेजेंटेशन आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सबसे पहले जिलाधीश कॉम्प्लेक्स की कैंटीन संचालित कर रहे SHG सदस्यों को कुफरी में प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। IHM को कोर्स का प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
खबर/ विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/