जेई के 500 से 600 पदों पर भर्ती सहित 4000 शिक्षकों और 300 बागवानी सहायकों के प्रस्ताव पर हो सकता है फैसला
देवभूमि न्यूज 24
शिमला : हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक अब 10 अक्टूबर को शिमला में होगी। खास बात यह है कि इस दिन सेकंड शनिवार की छुट्टी है, इसके बावजूद सचिवालय में सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। इससे पहले 11 सितंबर और 5 अक्टूबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठकें नहीं हो सकी थीं। ऐसे में इस बार बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की संभावना है।
रोजगार के मुद्दों पर सरकार का फोकस
कैबिनेट बैठक में इस बार राज्य सरकार का विशेष फोकस रोजगार से जुड़े मामलों पर रहने की उम्मीद है। कॉमन कैडर के तहत जूनियर इंजीनियर (जेई) के 500 से 600 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष लाया जा सकता है।
अब तक जेई की भर्ती संबंधित विभागों द्वारा की जाती थी और वरिष्ठता सूची भी विभाग स्तर पर ही तैयार होती थी। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत जेई की भर्ती भर्ती निदेशालय के माध्यम से की जाएगी। नियुक्ति भले ही अलग-अलग विभागों में हो, लेकिन सभी जेई का कैडर कॉमन रहेगा। यह व्यवस्था जेओए (आईटी) की भर्ती व्यवस्था की तर्ज पर लागू किए जाने की तैयारी है।
100 नए सीबीएसई स्कूलों के लिए 4000 शिक्षकों का मामला
प्रदेश में प्रस्तावित 100 नए सीबीएसई स्कूलों के लिए करीब 4000 शिक्षकों की भर्ती का मामला भी कैबिनेट में आने की संभावना है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू रामपुर दौरे के दौरान इस संबंध में घोषणा कर चुके हैं।
300 बागवानी सहायकों के पदों को मिल सकती है मंजूरी
बागवानी विभाग में 300 बागवानी सहायकों के पद सृजित करने का प्रस्ताव भी मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जा सकता है। इसके लिए वित्त विभाग की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। ये पद बागवानी विभाग में नया कैडर होंगे।
अन्य विभागों की तर्ज पर बागवानी विभाग में ‘मित्र’ रखने के बजाय ‘सहायक’ रखने का निर्णय लिया गया है। इन सहायकों को बागवानी विभाग के फार्मों में तैनात किया जाएगा।
दो बैठकों के स्थगित होने से एजेंडा भी लंबा
पिछली दो कैबिनेट बैठकें नहीं हो पाने के कारण इस बार मंत्रिमंडल के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हो सकते हैं। सरकार ने अन्य विभागों को भी रोजगार से संबंधित प्रस्ताव इस बैठक में भेजने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा रामपुर और रोहड़ू में सेब का समर्थन मूल्य बढ़ाने सहित मुख्यमंत्री द्वारा हाल में की गई अन्य घोषणाओं को भी कैबिनेट के समक्ष लाया जा रहा है। ऐसे में 10 अक्टूबर की बैठक को रोजगार और सरकार की नई घोषणाओं को अमलीजामा पहनाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
devbhuminews.24.in
जीवन-दर्शन, अध्यात्म, राजनीति, खेल, फिल्म, गांव से लेकर देश-दुनिया की खबर के लिए पढ़ते रहिए
पत्रकार बनने, अपने क्षेत्र की समस्याओं और विज्ञापन के लिए व्हाट्सऐप 9816216579 पर संपर्क करें।








