देवभूमि न्यूज 24 / धर्म-आस्था
देवी ब्रह्मचारिणी की उपासना से मनुष्य में तप, त्याग, वैराग्य, सदाचार, संयम की वृद्धि होती है। कठिन समय में भी मन कर्तव्य पथ से विचलित नहीं होता। देवी अपने साधकों की मलिनता, दुर्गुणों व दोषों को खत्म करती हैं और सर्वत्र सिद्धि तथा विजय की प्राप्ति होती है।
दूसरे नवरात्र में मां के ब्रह्मचारिणी एवं तपश्चारिणी रूप को पूजा जाता है। ये मां दुर्गा की नौ शक्तियों में से दूसरी शक्ति हैं। तपश्चारिणी, अपर्णा और उमा इनके अन्य नाम हैं। इनका स्वरूप ज्योतिर्मय है।
भोग और दान – मां भगवती को नवरात्र के दूसरे दिन चीनी का भोग लगाना चाहिए, मां को शक्कर का भोग प्रिय है। ब्राह्मण को दान में भी चीनी ही देनी चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से मनुष्य दीर्घायु होता है।
पूजा विधि –
देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा करते समय हाथों में फूल लेकर ध्यान करें और मंत्र बोलें –
ध्यान मंत्र:
दधाना करपद्माभ्यामक्षमालाकमण्डलु।
देवी प्रसीदतु मयि ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा॥
वन्दे वांछित लाभाय चन्द्रार्घकृतशेखराम्।
जपमालाकमण्डलु धरा ब्रह्मचारिणी शुभाम्॥
इसके बाद देवी को पंचामृत स्नान कराएं, सफेद और सुगंधित फूल, अक्षत, कुमकुम, सिंदूर अर्पित करें। कमल का फूल भी चढ़ाएं।
मुख्य मंत्र:
या देवी सर्वभूतेषु माँ ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥
प्रसाद चढ़ाकर आचमन करवाएं, पान-सुपारी भेंट करें, 3 बार प्रदक्षिणा करें और घी व कपूर से आरती करें। अंत में क्षमा प्रार्थना कर प्रसाद बांट दें।
। श्री ब्रह्मचारिण्यै नमः ।।
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार/विज्ञापन9816216579
https://devbhuminews24.in/








