स्थानीय मेले हमारी संस्कृति, देव परंपराओं और धरोहरों के संरक्षण में निभा रहे अहम भूमिका : विक्रमादित्य सिंह

Share this post

घराटनाला में शहीद नरेश कुमार की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय मेले का समापन, वीर सपूत के स्मारक निर्माण के होंगे प्रयास

देवला पंचायत के विकास के लिए 6 लाख और मेला समिति को 31 हजार रुपये देने की घोषणा
देवभूमि न्यूज 24
शिमला, हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है और यहां आयोजित होने वाले स्थानीय मेले सदियों से पुरातन संस्कृति, देव परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों को संजोए रखने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे आयोजन न केवल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और इतिहास से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह रविवार को शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवला के घराटनाला में कारगिल युद्ध के शहीद नरेश कुमार की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने शहीद नरेश कुमार को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे नरेश कुमार

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान शहीद नरेश कुमार दुश्मनों से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में देश के 527 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिनमें जिला शिमला के चार वीर जवान भी शामिल थे।

उन्होंने कहा कि जब शहीद नरेश कुमार का पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचा था, तब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह भी उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पहुंचे थे।

मंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को याद करना और उनकी स्मृति को जीवंत रखना हम सभी का दायित्व है। शहीद नरेश कुमार के नाम पर आयोजित होने वाला यह मेला उनके बलिदान को सम्मान देने के साथ-साथ क्षेत्र की पुरातन संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मेला आयोजन समिति ठेला को बधाई देते हुए कहा कि घराटनाला में शहीद नरेश कुमार का स्मारक बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना प्रदेश सरकार का लक्ष्य

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव तक सड़क सुविधा पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में सड़कों के विस्तार, निर्माण और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की स्थिति बेहतर बनाने और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चौथा परगना क्षेत्र में दो सड़कों का निर्माण कार्य जारी है, जिन पर लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, खटनोल से मझीवड़, दसयाड़ी से कांगयाली-मज्यूड-जावन तथा चौथा परगना खटनोल की अन्य पांच सड़कों के निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। इन सड़कों के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान ग्राम पंचायत देवला में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा पंचायत के खेल मैदान के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सुन्नी में हिमाचल पथ परिवहन निगम का सब-डिपो खोलने पर भी विचार किया जा रहा है। इससे सुन्नी और आसपास के क्षेत्रों में बसों की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

25 अक्टूबर से शुरू होगा खेलों का महाकुंभ, 5 हजार से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 25 अक्टूबर से खेलों का महाकुंभ आयोजित किया जाएगा, जिसमें पांच हजार से अधिक युवा खिलाड़ी भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए महिला कबड्डी, बैडमिंटन, रस्साकशी और मॉडलिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने युवक मंडलों और महिला मंडलों से आह्वान किया कि वे खेल महाकुंभ में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए जल्द पंजीकरण करवाएं।

देवला पंचायत को 6 लाख और मेला समिति को 31 हजार रुपये देने की घोषणा

लोक निर्माण मंत्री ने ग्राम पंचायत देवला क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए छह लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही शहीद नरेश कुमार की स्मृति में आयोजित मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति ठेला को 31 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

दो दिवसीय मेले के दौरान स्कूली बच्चों और महिला मंडलों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता रही टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

ये गणमान्य व्यक्ति रहे उपस्थित

समापन समारोह में एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, बीडीओ बसंतपुर नरेंद्र नेगी, पंचायत समिति बसंतपुर की अध्यक्ष कौशल्या शर्मा, नगर पंचायत सुन्नी की अध्यक्ष सत्या वर्मा, मंडल कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पंचायत समिति सदस्य राकेश शर्मा, युवा कांग्रेस कमेटी ब्लॉक अध्यक्ष अरुण ठाकुर, ग्राम पंचायत देवला के प्रधान धनवंत शर्मा, मेला कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र वर्मा, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष प्रकाश कमल, पूर्व महिला कांग्रेस महामंत्री अनीता शर्मा, बीडीओ मशोबरा अंकित कोटिया सहित आसपास की पंचायतों के प्रधान एवं प्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्य, युवक मंडलों के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24

जीवन को बेहतर बनाने वाले आध्यात्मिक लेखों तथा गांव, देश-विदेश की खबरों के लिए पढ़ते रहिए devbhuminews 24.in