चार सांस्कृतिक संध्याएं, लेजर शो, मिस्टर-मिस बुशहर प्रतियोगिता और चामुर्थी घोड़े होंगे मुख्य आकर्षण
देवभूमि न्यूज 24
रामपुर बुशहर, 12 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक एवं व्यापारिक परंपराओं के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का आयोजन इस वर्ष 11 से 14 नवंबर तक किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में रामपुर में मेला आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की रूपरेखा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विभिन्न गतिविधियों के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस वर्ष मेले में चार सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी। इनमें दो संध्याएं पहाड़ी संस्कृति, एक बॉलीवुड और एक पंजाबी संगीत पर आधारित होगी। इसके अलावा लेजर शो, मिस्टर एवं मिस बुशहर प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिताएं, पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन, पारंपरिक स्वाद महोत्सव और वॉल आर्ट प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक होने के साथ-साथ हमारी सभ्यता का अभिन्न अंग है। मेले के माध्यम से वर्षों पुरानी व्यापारिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ विलुप्त होती पारंपरिक वस्तुओं, कलाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बुशहर की ऐतिहासिक विरासत और संस्कृति का होगा प्रदर्शन
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में बुशहर रियासत के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत ऐतिहासिक एवं विरासत प्रदर्शनी के साथ पुराने छायाचित्रों और दस्तावेजों का प्रदर्शन किया जाएगा। पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पाद, पारंपरिक आभूषण तथा स्थानीय कृषि एवं बागवानी उत्पाद भी प्रदर्शनी का हिस्सा होंगे।
मेले में सेब एवं अन्य बागवानी उत्पादों, पारंपरिक व्यंजनों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया जाएगा। पारंपरिक शिल्प का सजीव प्रदर्शन, स्थानीय वास्तुकला एवं विरासत प्रदर्शनी, रामपुर हेरिटेज वॉक और पारंपरिक लवी बाजार भी प्रमुख आकर्षण होंगे।
इसके साथ ही बुशहर और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को क्षेत्र की व्यापारिक परंपराओं और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के इतिहास से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
विशेष लाइटिंग और सजावट से निखरेगा रामपुर शहर
लवी मेले के दौरान रामपुर शहर में विशेष लाइटिंग और सजावट की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि पूरे शहर को आकर्षक एवं एकरूप स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्थानों पर सजावट के साथ सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।
मेले की स्मारिका के लिए स्कूली विद्यार्थियों के साथ-साथ आम नागरिकों से भी लेख आमंत्रित किए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक अस्थायी पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जाएगी और शहर के विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात होंगे 300 पुलिस कर्मी
मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए जाएंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि लगभग 300 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह को सुरक्षा व्यवस्था का प्रभारी बनाया जाएगा।
शहर में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जुआ खेलने जैसी अवैध गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि मेले में आने वाले लोगों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
अश्व प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र होंगे चामुर्थी घोड़े
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले के मैदान में विशेष अश्व प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध चामुर्थी नस्ल के घोड़े प्रमुख आकर्षण होंगे। स्पीति क्षेत्र से जुड़ी यह घोड़ा नस्ल अपनी छोटी कद-काठी, सुडौल शरीर और कठिन पहाड़ी रास्तों एवं बर्फीले क्षेत्रों में चलने की क्षमता के लिए जानी जाती है।
इस बार अन्य राज्यों की घोड़ों की नस्लों को भी प्रदर्शनी में शामिल करने की योजना है। इसके लिए विभिन्न राज्यों के विश्वविद्यालयों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि पशुपालन और विभिन्न नस्लों के संरक्षण एवं व्यापार को बढ़ावा मिल सके।
अश्व प्रदर्शनी के दौरान घोड़ों की 400 और 800 मीटर दौड़ के साथ गुब्बारा फोड़ जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
किसान गोष्ठी में पशुपालकों को मिलेगा प्रशिक्षण
मेले के दौरान किसान गोष्ठी आयोजित कर पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, देखभाल, खान-पान और बेहतर पशुपालन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। अन्य राज्यों से आने वाले प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके अलावा अश्व पालकों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य पशुपालकों को उपयोगी जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ पारंपरिक पशुपालन को प्रोत्साहित करना है।
किन्नौरी मार्केट को दिया जाएगा एकरूप स्वरूप
इस वर्ष किन्नौरी मार्केट को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए आयोजन समिति की ओर से एक ही शैली की कैनोपी उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे बाजार में एकरूपता आएगी और इसकी सुंदरता बढ़ेगी।
किन्नौरी मार्केट में पारंपरिक सूखे मेवे, दालें, कपड़े और अन्य स्थानीय वस्तुओं का व्यापार होता है। ऐसे में बाजार को बेहतर स्वरूप देने से स्थानीय व्यापारियों और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों में दिखेंगी नई उपलब्धियां
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनमें पिछले तीन वर्षों के दौरान विभागों द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी मिल सके।
आयोजन समिति ने इस बार पिछले वर्ष प्रदर्शित की जा चुकी उपलब्धियों को दोहराने के बजाय नई उपलब्धियों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।
स्कूली विद्यार्थियों के लिए पहली बार होगी निबंध प्रतियोगिता
विद्यार्थियों को लवी मेले के इतिहास से जोड़ने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस बार पहली बार रामपुर शहर और आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण में प्रत्येक स्कूल से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन अंतिम चरण के लिए किया जाएगा। अंतिम प्रतियोगिता में भी प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे।
स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को लवी मेले के इतिहास पर निबंध लिखना होगा। प्रतियोगिता के नियम एवं शर्तें जल्द जारी की जाएंगी।
नशामुक्ति से पर्यावरण संरक्षण तक चलेंगी जागरूकता गतिविधियां
मेले के दौरान विभिन्न सामाजिक एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इनमें नशामुक्त हिमाचल अभियान, सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, स्वच्छ एवं हरित लवी अभियान, प्लास्टिक मुक्त मेला, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा पौधरोपण से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आम जनता को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना और मेले को स्वच्छ, सुरक्षित तथा पर्यावरण अनुकूल बनाना है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, कैलाश फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक बलूनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
देवभूमि न्यूज 24
ऐतिहासिक विरासत, लोक संस्कृति, स्थानीय परंपराओं और देश-दुनिया की प्रमुख खबरों के लिए पढ़ते रहिए devbhuminews 24.in








