कविता – हर अपना अपना नहीं…

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

हर अपना अपना नहीं, भ्रम में रहना छोड़।समय पड़े तो देखिए, कौन निभाता जोड़।।

रावण को विश्वास था, कुल है पूरा साथ।
सत्य सामने आ गया, छूट गए सब हाथ।।

कुंभकर्ण ने साथ दे, निभाया भ्रातृ धर्म।
सच का स्वर दबा रहा, अधूरा रहा कर्म।।

सत्य विभीषण ने कहा, सह न सका अन्याय।
अपनों ने ही त्याग कर, दी उसको तब हाय।।

साथ खड़ा होना नहीं, बस रिश्ते की बात।
गलत राह से रोक दे, वह है सच्चा साथ।।

गलती पर जो मौन रह, कैसा उसका नेह।
पास रहे सच ना कहे, मन में कैसी हेय।।

परिवार वही आईना, दिखला दे सच रूप।
गिरने से ही थाम ले, दूर करे हर कूप।।

सुख में तो सब साथ हैं, दुख में मिले न मीत।
जो विपदा में साथ दे, समझो सच्ची प्रीत।।

भटके पथ पर रोककर, जो दिखला दे राह।
वही सगा कहलाएगा, वह है सच्ची चाह।।

रिश्ते केवल रक्त के, होते नहीं महान।
सत्य, विश्वास प्रेम से, बनता सच्चा मान।।

समय सभी को परखता, खुल जाता व्यवहार।
कौन पराया, कौन सँग, होता साफ विचार।।

अंत समय बस यह समझ, जीवन का निष्कर्ष।
हर अपना अपना नहीं, सच्चा दुर्लभ हर्ष।।
– डॉ. प्रियंका सौरभ

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/