13 से 15 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, एक ही छत के नीचे मिलेगी योजना, तकनीकी और बैंकिंग संबंधी जानकारी
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन, 12 अक्टूबर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति उपभोक्ताओं को जागरूक करने और पात्र परिवारों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के परिचालन वृत्त नाहन द्वारा 13 से 15 अक्टूबर, 2026 तक तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं उपभोक्ता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं, तकनीकी पहलुओं और बैंकिंग संबंधी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएगी।
उप मुख्य अभियंता, परिचालन वृत्त नाहन लोकेश ठाकुर ने बताया कि विद्युत भवन शिमला के मुख्य अभियंता (प्रशासन) के निर्देशानुसार इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को योजना के लाभों से अवगत करवाना, पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाना और सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
चार सहायता डेस्क पर मिलेगी जरूरी जानकारी
शिविरों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए चार विशेष सहायता डेस्क स्थापित किए जाएंगे। उपभोक्ता पंजीकरण डेस्क पर योजना के राष्ट्रीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण करवाने में सहायता प्रदान की जाएगी।
वहीं, संबद्ध विक्रेता डेस्क पर सरकार द्वारा अधिकृत सोलर कंपनियों के प्रतिनिधि उपभोक्ताओं को उनकी छत की क्षमता के अनुसार सोलर पैनल का चयन करने, एक किलोवाट, दो किलोवाट, तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम की लागत, उपकरणों की वारंटी और नेट मीटरिंग से संबंधित जानकारी देंगे।
सोलर सिस्टम लगाने के लिए ऋण की जानकारी भी मिलेगी
बैंकिंग ऋण सहायता डेस्क पर प्रमुख सरकारी बैंकों के प्रतिनिधि योजना के अंतर्गत उपलब्ध सोलर ऋण की जानकारी देंगे। यहां दो लाख रुपये तक के सोलर ऋण पर 5.75 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर तथा पात्र उपभोक्ताओं के लिए बिना अतिरिक्त गारंटी ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, योजना परामर्श डेस्क पर केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी, पात्रता संबंधी नियमों और नेट मीटरिंग की प्रक्रिया को लेकर उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान किया जाएगा।
बिजली उपभोक्ताओं से शिविरों में पहुंचने की अपील
विद्युत बोर्ड ने नाहन शहर और आसपास के क्षेत्रों के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से इन शिविरों में भाग लेने की अपील की है। शिविर 13, 14 और 15 अक्टूबर को प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।
उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे अपने नवीनतम बिजली बिल और आधार कार्ड के साथ शिविरों में पहुंचें, ताकि उन्हें योजना की जानकारी प्राप्त करने और पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में आसानी हो सके।
विद्युत बोर्ड के अनुसार, इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जोड़ना, स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना और घरेलू बिजली खर्च में संभावित बचत के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
Devbhuminews 24.in
सिरमौर,हिमाचल,देश, दुनिया की खबरों के लिए पढ़ते रहें
समाचार/विज्ञापन 9816216579








