देवभूमि न्यूज 24 / धर्म
हिंदू परंपरा में नवरात्र का अत्यंत महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, एक साल में करीब 4 बार नवरात्रि आती है। जिसमें ‘माघ’ और ‘आषाढ़’ की नवरात्र देवताओं के लिए ‘चैत्र’ और ‘आश्विन माह की शरद नवरात्रि’ मनुष्यों के लिए होती है।
इस साल मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को समर्पित शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर 2026, रविवार से शुरू हो चुकी है, जिसका समापन 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को होगा।
ज्योतिष मान्यताओं के मुताबिक, मां दुर्गा में नवग्रहों का वास माना गया है। ऐसे में यह नौ दिन न सिर्फ माता रानी की पूजा-अर्चना, व्रत और साधना के लिए जरूरी है बल्कि कुंडली में ग्रहों को मजबूत करने का भी सुनहरा मौका है।
9 देवियां और उनसे जुड़े 9 ग्रह –
1. शैलपुत्री देवी – सूर्य ग्रह
नवरात्र का प्रथम दिन मां शैलपुत्री को समर्पित है। सूर्य की प्रसन्नता के लिए पहले दिन मां शैलपुत्री की विधिवत पूजा करनी चाहिए। इससे कुंडली में सूर्य मजबूत होता है, मान-सम्मान और समृद्धि मिलती है।
2. ब्रह्मचारिणी देवी – चंद्र ग्रह
दूसरा दिन मां ब्रह्मचारिणी को समर्पित है। इनकी पूजा से मानसिक अवसाद से छुटकारा मिलता है और चंद्रमा की स्थिति मजबूत होती है, जो निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाती है।
3. चंद्रघंटा देवी – मंगल ग्रह
तीसरा स्वरूप चंद्रघंटा देवी का है। मार्केंडेय पुराण में मंगल को ऊर्जा, पराक्रम और भूमि का कारक माना गया है। मां और मंगल दोनों ही शक्ति और विजय के प्रतीक हैं।
4. कुष्मांडा देवी – बुध ग्रह
चौथा स्वरूप कुष्मांडा देवी का है, जिन्हें पर्यावरण की देवी भी कहा जाता है। ये बुद्धि, वाणी, सौंदर्य और व्यापारिक सफलता की देवी हैं। बुध दोष वाले जातकों को इनकी पूजा से लाभ मिलता है।
5. स्कंदमाता देवी – बृहस्पति ग्रह
पांचवां स्वरूप स्कंदमाता का है, जिनका संबंध देवगुरु बृहस्पति से है। इस दिन पीले वस्त्र धारण कर सच्चे मन से उपासना करने से बृहस्पति मजबूत होता है।
6. कात्यायनी देवी – शुक्र ग्रह
छठा दिन मां कात्यायनी को समर्पित है। महाभारत काल में अर्जुन ने जीत के लिए इनकी पूजा की थी। विवाह और मान-सम्मान के लिए इनकी उपासना की जाती है।
7. कालरात्रि देवी – शनि ग्रह
सातवां स्वरूप कालरात्रि देवी का है, जिन्हें रात्रि की देवी भी कहा जाता है। इनकी पूजा से बाधाएं, वास्तु दोष और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और शनि की कृपा प्राप्त होती है।
8. महागौरी देवी – राहु ग्रह
आठवां स्वरूप महागौरी का है, जो सिद्धि प्रदान करने वाली हैं। ये तमस को हटाकर उजाले की ओर ले जाती हैं और इनका संबंध राहु ग्रह से माना जाता है।
9. सिद्धिदात्री देवी – केतु ग्रह
नौवां स्वरूप मां सिद्धिदात्री का है, जिनका संबंध केतु से है। इनकी पूजा से मोक्ष और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त होती है।
🚩 जय माता की 🚩
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/








