बलदेव तोमर के मुद्दे का असर, ऋतु नेगी को भी मिलेगी एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि

Share this post

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने प्रदेश सरकार के निर्णय का किया स्वागत, कहा
हिमाचल की बेटी को मिला उचित सम्मान

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

शिलाई : भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता एवं शिलाई की बेटी ऋतु नेगी को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने के प्रदेश सरकार के निर्णय का भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर ने स्वागत किया है। उन्होंने इस निर्णय को हिमाचल की प्रतिभाशाली बेटी के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

बलदेव सिंह तोमर ने कहा कि उन्होंने ऋतु नेगी को सम्मान राशि देने का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए मुख्यमंत्री से सवाल किया था कि भारतीय महिला कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाली हिमाचल की बेटी को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने वाली सूची में शामिल क्यों नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि जब एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अन्य हिमाचली खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई, तो ऋतु नेगी का नाम सूची में शामिल नहीं होने से कई सवाल खड़े हुए थे। ऋतु नेगी ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और खेल उपलब्धियों के दम पर देश और हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

बलदेव तोमर ने कहा कि खिलाड़ी की उपलब्धियों का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋतु नेगी को सम्मानित करना उनके संघर्ष, समर्पण और खेल के प्रति योगदान का सम्मान है। किसी खिलाड़ी का विवाह दूसरे राज्य में होने से उसकी जन्मभूमि और अपने प्रदेश के लिए किए गए योगदान का महत्व कम नहीं हो जाता।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को उठाने का उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि हिमाचल की प्रतिभाशाली बेटी को उसका उचित सम्मान दिलाने की मांग करना था।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। ऐसे में प्रदेश सरकार को खिलाड़ियों की उपलब्धियों का सम्मान निष्पक्षता से करना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिल सके।

उन्होंने कहा कि ऋतु नेगी को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने का निर्णय प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

devbhuminews 24.in
देश, दुनिया,गांव की खबरों का आइना
समाचार, विज्ञापन: 9816216579