देवभूमि न्यूज 24 / कफोटा (सिरमौर) – 14 अक्टूबर 2026
राजकीय महाविद्यालय कफोटा में प्राचार्या प्रो. सुलक्षणा शर्मा के नेतृत्व में केंद्रीय छात्र परिषद (CSCA) की ओर से भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साह एवं उल्लास का माहौल रहा।
नव-निर्वाचित CSCA पदाधिकारियों ने ली शपथ
आयोजन की सबसे खास बात CSCA के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रहा। इसके अंतर्गत –
- अध्यक्ष – कला स्नातक तृतीय वर्ष की नीलम
- उपाध्यक्ष – वाणिज्य स्नातक तृतीय वर्ष की तुलिका
- सचिव – कला स्नातक प्रथम वर्ष की देविका
- सह सचिव – कला स्नातक द्वितीय वर्ष के अमन
के साथ परिषद के अन्य सभी अकादमिक सदस्यों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में PTA अध्यक्ष श्री बलबीर चौहान एवं पूर्व अध्यक्ष श्री धनवीर पुंडीर उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।
मुख्य संयोजक डॉ. पंकज यादव ने कार्यक्रम का कुशल संचालन करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, एकता और सक्रिय भागीदारी का महत्व समझाया तथा CSCA की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर प्रो. दिनेश कुमार, प्रो. विपिन सिंह, प्रो. अनिकेत पुंडीर तथा प्रो. रवीना ने भी नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।
प्राचार्या प्रो. सुलक्षणा शर्मा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों से नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा महाविद्यालय की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि CSCA जैसा मंच न केवल व्यक्तिगत विकास में सहायक है, बल्कि संस्थान की समग्र प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
यह समारोह विद्यार्थियों की भागीदारी, जोश और रचनात्मकता का बेहतरीन उदाहरण बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/








