श्री दुर्गा सप्तशती भाषा – हिन्दी पाठ चौथा अध्याय

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 / धर्म-अध्यात्म डेस्क –

ध्यानम्
ॐ कालाभ्राभां कटाक्षैररिकुलभयदां मौलिबद्धेन्दुरेखां
शंखं चक्रं कृपाणं त्रिशिखमपि करैरुद्वहन्तीं त्रिनेत्राम्।
सिंहस्कन्धाधिरुढां त्रिभुवनमखिलं तेजसा पूरयन्तीं
ध्यायेद् दुर्गां जयाख्यां त्रिदशपरिवृतां सेवितां सिद्धिकामैः॥

इन्द्रादि देवताओं द्वारा देवी की स्तुति

महर्षि मेधा बोले – देवी ने जब पराक्रमी दुरात्मा महिषासुर को मार गिराया और असुरों की सेना को मार दिया तब इन्द्रादि समस्त देवता सिर और शरीर को झुकाकर भगवती की स्तुति करने लगे।

जिस देवी ने अपनी शक्ति से यह जगत व्याप्त किया है और जो सम्पूर्ण देवताओं तथा महर्षियों की पूजनीय है, उस अम्बिका को हम भक्तिपूर्वक नमस्कार करते हैं।

पुण्यात्माओं के घरों में तुम स्वयं लक्ष्मी रूप हो और पापियों के घरों में अलक्ष्मी रूप हो। सत्कुल में उत्पन्न होने वालों के लिए तुम लज्जा रूप हो। हम दुर्गा भगवती को नमस्कार करते हैं। हे देवी! तुम सम्पूर्ण जगत की उत्पत्ति का कारण हो।

हे देवी! तुम्हारे जिस नाम के उच्चारण से सम्पूर्ण यज्ञों में सब देवता तृप्ति लाभ करते हैं, वह ‘स्वाहा’ तुम ही हो। पितरों की तृप्ति का कारण होने से सब आपको ‘स्वधा’ कहते हैं।

तुम मोक्ष देने वाली विद्या हो, वाणी रूप हो, ऋग, यजु और सामवेद की आश्रय हो। विश्व की उत्पत्ति एवं पालन के लिए तुम वार्ता के रूप में प्रकट हुई हो और सम्पूर्ण संसार की पीड़ा हरने वाली हो।

हे देवी! सदा अभ्युदय देने वाली तुम जिस पर प्रसन्न हो जाती हो, वही देश में सम्मानित होता है, उसके धन-यश की वृद्धि होती है।

हे दारिद्रय-दुख नाशिनी देवी! तुम्हारे सिवा दूसरा कौन है, तुम्हारा चित्त सदा दूसरों के उपकार में लगा रहता है। तुम शत्रुओं को इसलिए मारती हो कि उनके मारने से दूसरों को सुख मिले और वे सीधे स्वर्ग को जाएं।

हे माता! युद्ध भूमि में शत्रुओं को मारकर तुमने उन्हें स्वर्ग पहुँचाया और तीनों लोकों की रक्षा की।

हे चण्डिके! आप अपने शूल को घुमाकर पूर्व, पश्चिम, उत्तर तथा दक्षिण दिशा में हमारी रक्षा करो। आपके कर-पल्लवों में जो खड्ग, शूल और गदा आदि शस्त्र शोभा पा रहे हैं, उनसे हमारी रक्षा करो।

देवताओं को वरदान

महर्षि बोले – इस प्रकार देवताओं ने स्तुति और पूजन किया, तब देवी प्रसन्न होकर बोलीं – हे देवताओं! तुम मनवांछित वर मांगो।

देवता बोले – हे भगवती! तुमने हमारा सब कार्य कर दिया। यदि वर देना चाहती हो तो इतना वर दो कि जब-जब हम आपका स्मरण करें, तब-तब आप हमारी विपत्तियों को हरने के लिए दर्शन दिया करो। जो कोई भी तुम्हारी स्तुति करे, तुम उसे वैभव दो और सदा हम पर प्रसन्न रहो।

महर्षि बोले – “तथास्तु” कहकर देवी अन्तर्धान हो गईं।

चतुर्थ अध्याय सम्पूर्ण
लेखक – ज्यो. शैलेंद्र सिंगला, पलवल हरियाणा

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/