नए जिलों के गठन पर कांग्रेस सरकार सिर्फ चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही : जयराम ठाकुर

Share this post

बोले नेता प्रतिपक्ष चुनावी गारंटियों पर विफल रही सरकार, मुख्यमंत्री के बार-बार दिल्ली जाने पर भी उठाए सवाल
देवभूमि न्यूज 24
मंडी: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार आयोग गठित कर इस मुद्दे को चुनाव से पहले राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को अच्छी तरह पता है कि वर्तमान में देशभर में जनगणना का कार्य चल रहा है। जनगणना के दौरान परिसीमन संबंधी प्रतिबंधों के चलते नई राजस्व इकाइयों के गठन की प्रक्रिया प्रभावित रहती है। ऐसे में नए जिलों के गठन को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठते हैं।

मंडी से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर भाजपा का क्या रुख होगा, इस पर पार्टी विचार-विमर्श के बाद निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी नए जिलों के गठन को लेकर व्यापक विश्लेषण किया गया था, लेकिन प्रदेश की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में आगे नहीं बढ़ा गया।

नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव से पहले जनता से किए गए वादों और गारंटियों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने अब जनता को जवाब देना मुश्किल हो रहा है। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए नए मुद्दे उठा रही है।

मुख्यमंत्री के बार-बार दिल्ली जाने पर उठाए सवाल

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के लगातार दिल्ली दौरों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने की खबर आती नहीं है कि उनके दोबारा दिल्ली जाने की सूचना मिल जाती है। कई बार तो उन्हें बीच रास्ते से ही वापस बुला लिया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि आखिर दिल्ली में हिमाचल प्रदेश को लेकर क्या राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं। सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मंडी से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार को प्रदेश के हितों के लिए जितनी गंभीरता दिखानी चाहिए, मुख्यमंत्री उतनी ही मशक्कत अपने राजनीतिक आलाकमान को खुश रखने के लिए कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री अपना समय और प्रयास हिमाचल प्रदेश के हितों को मजबूत करने में लगाते, तो इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिलता। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के प्रस्तावित राजनीतिक सम्मेलन और चुनावी गारंटियों को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में नाकाम रही है और अब जनता के सवालों का सामना करने से बचने के लिए राजनीतिक गतिविधियों में उलझी हुई है।

देवभूमि न्यूज 24
हिमाचल की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9816216579
वेबसाइट: devbhuminews24.in