20 अक्टूबर 2026
देवभूमि न्यूज 24
विजयादशमी का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण कराने के साथ अपने भीतर छिपी बुराइयों को पहचानने और उन्हें दूर करने की प्रेरणा भी देता है। नमन मंच के अंतर्गत प्रस्तुत कवयित्री ममता सक्सेना चित्रांश की कविता ‘विजयादशमी’ इसी संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। कविता के माध्यम से उन्होंने समाज में व्याप्त बुराइयों और मनुष्य के भीतर मौजूद दुर्गुणों का त्याग कर सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया है।
🌺 विजयादशमी 🌺
दशहरा आया, अधर्म पर धर्म की जय लाया,
राम ने रावण को मार, सत्य का मान बढ़ाया।
दस सिर थे रावण के, प्रतीक दस विकारों के,
काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद और अहंकारों के।
चुगलखोरी, अत्याचार, अनाचार, भ्रष्टाचार,
मिथ्यावाद, लालच, ईर्ष्या, व्यभिचार का करो संहार।
बाहर के रावण को तो प्रभु राम ने मारा था,
भीतर के रावण को अब हमने खुद पाला था।
कोप का गुबार, मन में भरा अंधियारा,
इसको जलाओ तो ही होगा जीवन में उजियारा।
रावण दहन केवल लकड़ी का दहन नहीं,
अपने भीतर के दोषों का मंथन भी सही।
जब दसों दुर्गुणों पर होगा सख्त प्रहार,
तब दशहरा पर्व पर आएगा हर्ष अपार।
विजयादशमी सिखाती, बुराई कितनी भी बड़ी हो,
अच्छाई के आगे उसकी हार ही पड़ी हो।
आओ संकल्प लें, हम राम-सा आचरण अपनाएंगे,
तभी हम सच में विजयादशमी पर्व मनाएंगे।
🌼 कविता का संदेश
विजयादशमी केवल रावण के पुतले का दहन करने का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर मौजूद क्रोध, लोभ, अहंकार, ईर्ष्या और अन्य बुराइयों को त्यागने का अवसर भी है। जब व्यक्ति अपने आचरण में सत्य, मर्यादा, प्रेम और सदाचार को स्थान देता है, तभी इस पर्व की सार्थकता सिद्ध होती है।
✍️ रचनाकार परिचय
ममता सक्सेना चित्रांश
निवासी : कोसीकलां, मथुरा (उत्तर प्रदेश)
कहानी, कविता और साहित्यिक रचनाओं के लिए पढ़ते रहें देवभूमि न्यूज 24।








