टूटू में विक्रमादित्य सिंह ने किया रावण दहन, बुराई पर अच्छाई की जीत का दिया संदेश

Share this post

दशहरा पर्व पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, मेला कमेटी को 50 हजार रुपये देने की घोषणा

देवभूमि न्यूज 24 | शिमला

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर शिमला के टूटू में आयोजित दशहरा समारोह में शिरकत की और रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रावण दहन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। दशहरे का पर्व हमें संदेश देता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, अंततः सत्य और धर्म की ही जीत होती है।

उन्होंने कहा कि विजयदशमी का त्योहार समाज में सद्भाव, सकारात्मकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। हमें इस पर्व के मूल संदेश को अपने जीवन में अपनाते हुए बुराइयों का त्याग करना चाहिए और सच्चाई के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

मेला कमेटी को 50 हजार रुपये देने की घोषणा

समारोह के दौरान टूटू मेला कमेटी ने मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह को तलवार और गदा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने मेला कमेटी को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। रावण दहन के साथ समारोह में विजयदशमी का उत्साह देखने को मिला।

देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव मेरा देश
हिमाचल प्रदेश की खबरों को पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन:9816216579