देवभूमि न्यूज 24 – शिमला – 22 अक्टूबर 2026
हिमाचल में शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास के लिए राज्यव्यापी कार्यक्रम का शुभारंभ वीरवार को पीटरहॉफ होटल शिमला में किया गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
यह कार्यक्रम भारती एयरटेल फाउंडेशन, समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश और नीति आयोग की संयुक्त पहल से द टीचर ऐप के माध्यम से शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण संसाधन, नवीन शिक्षण पद्धतियां और तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
शिक्षा मंत्री बोले – तकनीक शिक्षक की जगह नहीं ले सकती
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला शिक्षक हैं। बदलती शैक्षणिक जरूरतों के अनुसार शिक्षकों को ज्ञान, कौशल और संसाधनों से लैस करना जरूरी है। उन्होंने कहा – शिक्षक सौरमंडल के सूर्य हैं, उनके बिना शिक्षा व्यवस्था अधूरी है। आधुनिक तकनीक शिक्षकों की मदद कर सकती है, लेकिन बच्चों में मानवीय मूल्यों और व्यक्तित्व विकास में शिक्षक की भूमिका सर्वोपरि रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूरदराज, ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
एयरटेल फाउंडेशन और नीति आयोग ने क्या कहा
भारती एयरटेल फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी नूरिया अंसारी ने कहा कि सशक्त शिक्षक ही प्रभावी शिक्षण अनुभव बनाते हैं। द टीचर ऐप के माध्यम से फाउंडेशन शिक्षकों को निःशुल्क और व्यावहारिक संसाधन उपलब्ध करा रहा है।
नीति आयोग के ओएसडी लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र वर्मा ने कहा कि यह पहल भविष्य के लिए तैयार शिक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कश्मल क्रॉनिकल्स का पहला संस्करण लॉन्च
इस अवसर पर राजकीय उच्च पाठशाला कश्मल के न्यूजलेटर “कश्मल क्रॉनिकल्स” का पहला संस्करण भी लॉन्च किया गया।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि फाउंडेशन पहले चरण में 50 स्कूलों में काम कर रही थी, अब 160 स्कूलों में कार्य कर रही है, और अब यह ऐप प्रदेश के सभी शिक्षकों के लिए उपलब्ध रहेगी।
हिमाचल के शिक्षकों ने एआई और नवाचार में बनाई पहचान
- उड़ान पुरस्कार – 10 शिक्षक: चंबा से प्रदीप कुमार, विक्की, अश्वनी कुमार, करनैल सिंह, हमीरपुर से परवीन कुमारी, सपना शर्मा, रेणुका कुमारी, सिरमौर से बीरमा शर्मा, मंडी से संदीप कुमार, किन्नौर से इंद्रा कुमारी
- विकासोन्मुख सोच – शीर्ष 5: चंबा के युधवीर टंडन, हमीरपुर के यज्ञनिश कुमार, शिमला की शीतल ठाकुर, सोलन की अंजना कुमारी धीमान, शिमला की मुक्ता
- एआई टूल्स उपयोग – शीर्ष 5: हमीरपुर की मीनाक्षी शर्मा, बिलासपुर के दैजित सिंह और मंजू शर्मा, मंडी की जमना देवी, सोलन के नरेंद्र कुमार
द टीचर ऐप – 3.5 लाख से अधिक शिक्षक जुड़े
यह भारती एयरटेल फाउंडेशन का निःशुल्क डिजिटल मंच है जो स्व-गति पाठ्यक्रम, विशेषज्ञ वेबिनार, पाठ योजनाएं, एआई सक्षम मूल्यांकन उपकरण और प्रश्न बैंक जैसी सुविधाएं देता है।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव मेरा देश
देश दुनिया गांव देहात की खबरें पढ़ते रहिए
समाचार विज्ञापन:9816216579








