देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर शिलाई
राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की इकाई एक और दो द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज की उपस्थिति और कार्यक्रम अधिकारी रंजना चौहान एवं यशपाल शर्मा के नेतृत्व में किया गया।
प्रातःकालीन सत्र –
योग प्रशिक्षक एवं पूर्व सैनिक देवेंद्र देसाई ने स्वयंसेवकों को योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया तथा स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद रिवर्स इंट्रोडक्शन पर आधारित आइस-ब्रेकिंग गतिविधि हुई।
व्याख्यान सत्र –
डॉ. शिव भारद्वाज, सहायक आचार्य (इतिहास), राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोलन ने “पश्चिमी हिमालय की सांस्कृतिक परंपरा में शिरगुल एवं महासू देवता” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने क्षेत्र की धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत पर चर्चा की।
इसके बाद डॉ. रविकांत शर्मा, सहायक आचार्य (अर्थशास्त्र), डॉ. वाई.एस. परमार महाविद्यालय नाहन ने “Youth Awareness & Social Responsibility” विषय पर युवाओं की सामाजिक भूमिका पर विचार रखे।
दोपहर का सत्र –
प्रो. रीबा ठाकुर और इको क्लब के सहयोग से वर्मी-कम्पोस्टिंग इकाई के लिए गड्ढा तैयार किया गया। स्वयंसेवकों ने एथलेटिक ट्रैक की सफाई कर परिसर को स्वच्छ बनाया।
सांस्कृतिक सत्र –
शाम को स्वयंसेवकों ने पारंपरिक हिमाचली व्यंजन नमकीन और मीठे सिड्डू का देसी घी के साथ आनंद लिया। बोनफायर के चारों ओर ढोलक और डफली की थाप पर सिरमौरी लोकनृत्य, मुजरा और नाटी का आयोजन हुआ।
इस आयोजन ने स्वयंसेवकों में सहयोग और सांस्कृतिक जुड़ाव की भावना को बढ़ावा दिया।
देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देश, दुनिया, गांव देहात की खबरों के लिए पढ़ते रहिए देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश








