कफ़ोटा महाविद्यालय कफोटा में पारंपरिक बीजों और लोक परिधानों की प्रदर्शनी आयोजित

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – कफोटा (शिलाई)

सिरमौर जिला के शिलाई क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय कफोटा में इतिहास विभाग के तत्वावधान में “हमारी धरोहर, हमारी पहचान – पारंपरिक बीज एवं लोक परिधान प्रदर्शनी” का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी की टैगलाइन “परंपरा का संरक्षण, संस्कृति का संवर्धन, भविष्य का संकल्प” रही।

इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की पारंपरिक कृषि पद्धतियों, स्थानीय बीजों, लोक वेशभूषा एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना तथा युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ना था।

प्रदर्शनी का आयोजन इतिहास विभाग के प्रो. दिनेश कुमार के संयोजन में किया गया। उन्होंने स्थानीय पारंपरिक बीजों एवं लोक परिधानों को एक मंच पर प्रदर्शित कर क्षेत्र की ऐतिहासिक, कृषि एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।

प्रदर्शनी में दिखी कृषि विविधता की झलक

प्रदर्शनी में राजमा, कोदो, मक्की, बालड़ी, पालक, बेलुले, जौ, तड़िया, शेरो, अलसी, कावणी, मेथी, भोटो, कचूर, सफेद एवं लाल चोलाई, अदरक, करेला, भगजीरा, मिर्च, धनिया, चचरेड़ा, माश, तुंबड़ी, कल्जरी, सफेद एवं काले तिल, शावक, सुटे, गेहूं, कपास, चिनोई, कोच, भांग, राई, मूली तथा रागुण सहित अनेक पारंपरिक बीज प्रदर्शित किए गए। इन बीजों के माध्यम से स्थानीय कृषि विविधता और पूर्वजों द्वारा संरक्षित कृषि ज्ञान को सामने लाया गया।

लोक परिधान रहे आकर्षण का केंद्र

प्रदर्शनी का दूसरा प्रमुख आकर्षण क्षेत्र की पारंपरिक लोक वेशभूषा रही। इसमें कोट, लोईया, टोपी, दवड़, पातू, साफा, घाघरा, सुथन, कुर्शे, सकाब सहित विभिन्न परिधानों को प्रदर्शित किया गया। इन परिधानों ने क्षेत्र की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक जीवनशैली की झलक प्रस्तुत की।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. सुलक्षणा शर्मा ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे स्थानीय इतिहास, कृषि विरासत एवं लोक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

प्रदर्शनी में निर्णायक की भूमिका प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. विपिन सिंह, प्रो. रवीना तथा प्रो. अनिकेत पुंडीर ने निभाई। पारंपरिक बीजों की श्रेणी में प्रथम स्थान रेशम शर्मा, द्वितीय दीपिका एवं तृतीय समीक्षा ने तथा लोक परिधानों की श्रेणी में प्रथम सुमन, द्वितीय रितु एवं तृतीय नितिन ने प्राप्त किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं स्टाफ की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल बनाया। संदेश दिया गया कि पारंपरिक बीज केवल कृषि उत्पादन का साधन नहीं, बल्कि खाद्य सुरक्षा और जैव विविधता की अमूल्य धरोहर हैं और लोक परिधान हमारी सांस्कृतिक पहचान के प्रतीक हैं।

देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579