लंका दहन के साथ संपन्न हुआ अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा, भावुक विदाई लेकर लौटे करीब 300 देवी-देवता

Share this post

भगवान रघुनाथजी की भव्य रथयात्रा रही मुख्य आकर्षण, सात दिनों तक देव समागम से गुलजार रहा ढालपुर मैदान

  *देवभूमि न्यूज 24*

कुल्लू। देवभूमि कुल्लू की देव आस्था, समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव मंगलवार को लंका दहन के साथ संपन्न हो गया। सात दिनों तक देव समागम से गुलजार रहा ऐतिहासिक ढालपुर मैदान उस समय भावुक हो उठा, जब करीब 300 देवी-देवता अपने-अपने देवालयों की ओर लौटने लगे।

देव ध्वनियों, पारंपरिक रीति-रिवाजों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच इस ऐतिहासिक उत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ विदाई दी गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी समापन समारोह में शिरकत की।

उत्सव के अंतिम दिन भगवान रघुनाथजी की भव्य रथयात्रा मुख्य आकर्षण रही। लंका दहन की पारंपरिक रस्म के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। इस दौरान देव परंपराओं का विधिवत निर्वहन किया गया और पूरा वातावरण देव आस्था से सराबोर नजर आया।

ढालपुर मैदान में जुटे देव समाज, कारकूनों, देवलुओं और श्रद्धालुओं के लिए उत्सव का समापन आस्था के साथ भावुक विदाई का अवसर भी रहा। सदियों से चली आ रही परंपराओं के अनुसार देवी-देवताओं की विदाई के साथ ही कुल्लू दशहरे का समापन हुआ।

देवभूमि न्यूज 24
आध्यात्मिक लेखों, देश दुनिया गांव देहात की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन : 9816216579