शिमला जिला में अवैध रूप से पटाखे रखने और बेचने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई : अनुपम कश्यप

Share this post

रामपुर के तलाई (नोगली) में दुकान से पटाखों के 22 कार्टन जब्त, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज
देवभूमि न्यूज 24
शिमला। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जिले में पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री के लिए वैध लाइसेंस अनिवार्य है और बिक्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जा सकती है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, FIR और जुर्माना लगाया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि पटाखों की बिक्री और भंडारण को नियंत्रित करने के लिए विस्फोटक अधिनियम, 1884 और विस्फोटक नियम, 2008 के प्रावधान लागू होते हैं। अवैध भंडारण और बिना लाइसेंस बिक्री कानून का उल्लंघन है।

रामपुर में अवैध पटाखे रखने पर FIR
रामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपक बंसल पुत्र रविंद्र बंसल, निवासी रामपुर के खिलाफ पुलिस थाना रामपुर में FIR संख्या 119/26 दिनांक 28 अक्टूबर 2026 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाई (नोगली) स्थित दुकान से अवैध रूप से रखे गए पटाखों के 22 कार्टन जब्त किए गए हैं। जब्त पटाखों को बुशहर हाउस रामपुर में रखा गया है। जांच हेड कांस्टेबल सुरेंद्र नंबर 178 द्वारा की जा रही है।

उपायुक्त ने कहा कि त्योहारी सीजन में लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है। अवैध भंडारण आगजनी का कारण बन सकता है। सभी विक्रेता नियमों का पालन करें और लोग केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही पटाखे खरीदें।

देवभूमि न्यूज 24
आध्यात्मिक लेखों, देश दुनिया गांव देहात की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन : 9816216579