*देवभूमि न्यूज 24*
महापुण्यदायक तथा मोक्षदायक कार्तिक के मुख्य नियमों में सबसे प्रमुख नियम है दीपदान। दीपदान का अर्थ है आस्था के साथ दीपक प्रज्वलित करना। कार्तिक में प्रत्येक दिन दीपदान जरूर करना चाहिए।
दीपदान कैसे करें
मिट्टी, ताँबा, चाँदी, पीतल अथवा सोने के दीपक को साफ कर लें। मिट्टी के दीपक को कुछ घंटों पानी में भिगोकर सुखा लें। प्रदोषकाल में दीपक, तेल, गाय घी, बत्ती, चावल अथवा गेहूँ लेकर मंदिर जाएँ। घी में रुई की बत्ती और तेल में लाल धागे या कलावा की बत्ती लगाएं। दीपक रखने से पहले चावल अथवा सप्तधान्य का आसन दें। भूलकर भी दीपक सीधा पृथ्वी पर न रखें। कालिका पुराण कहती है – पृथ्वी अकारण पदाघात और दीपक का ताप सहन नहीं करती।
एक तेल का दीपक शिवलिंग के समक्ष और दूसरा गाय के घी का दीपक श्रीहरि नारायण के समक्ष रखें। दीपक मंत्र पढ़कर प्रज्वलित करें, प्रणाम करें, फिर दारिद्रदहन शिवस्तोत्र तथा गजेन्द्रमोक्ष का पाठ करें।
पुराणों में दीपदान महिमा
पद्मपुराण – “हरिजागरणं प्रातःस्नानं तुलसिसेवनम्। उद्यापनं दीपदानं व्रतान्येतानि कार्तिके।।”
स्कन्दपुराण – “स्नानं च दीपदानं च तुलसीवनपालनम्। भूमिशय्या ब्रह्मचर्य्यं तथा द्विदलवर्जनम्।।”
पद्मपुराण उत्तरखंड 121 – “घृतेन दीपको यस्य तिलतैलेन वा पुनः। ज्वलते यस्य सेनानीरश्वमेधेन तस्य किम्।।” अर्थात कार्तिक में घी अथवा तिल तेल से जिसका दीपक जलता है, उसे अश्वमेध यज्ञ से क्या लेना।
अग्निपुराण 200 – “दीपदानात्परं नास्ति न भूतं न भविष्यति” – दीपदान से बढ़कर न कोई व्रत था, न है, न होगा।
स्कंदपुराण – कुरुक्षेत्र में सूर्यग्रहण और नर्मदा में चन्द्रग्रहण पर स्वर्ण तुलादान का जो पुण्य है, वह केवल दीपदान से मिल जाता है।
कार्तिक में दीपदान का मुख्य उद्देश्य पितरों का मार्ग प्रशस्त करना भी है – “तुला संस्थे सहस्त्राशौ प्रदोषे भूतदर्शयोः। उल्का हस्ता नराः कुर्युः पितृणाम् मार्ग दर्शनम्।।”
पद्मपुराण में महादेव कहते हैं – पितर सदा अभिलाषा करते हैं कि क्या हमारे कुल में कोई ऐसा पुत्र होगा जो कार्तिक में दीपदान करके केशव को संतुष्ट कर सके।
दीपदान कहाँ करें – देवालय में, गौशाला में, वृक्ष के नीचे, तुलसी के समक्ष, नदी तट पर, सड़क पर, चौराहे पर, ब्राह्मण के घर में, अपने घर में। मंदिरों और नदी किनारे दीपदान से लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
शिवलोक प्राप्ति – स्कन्दपुराण के अनुसार कार्तिक रात्रि में शिवजी के समीप दीपमाला समर्पित करने से जितने समय दीप जलते हैं, उतने हजार युगों तक दाता स्वर्ग में प्रतिष्ठित होता है। लिंगपुराण कहता है – कार्तिक में शिव के सामने घृत दीप समर्पित करने वाला ब्रह्मलोक जाता है। लोहे, ताँबे, चाँदी या सोने का दीप शिव को देने वाला दस हजार सूर्यों समान विमानों से शिवलोक जाता है।
अग्निपुराण के अनुसार लाभ – देवमंदिर या ब्राह्मण गृह में एक वर्ष दीपदान करने वाला सबकुछ प्राप्त करता है। दीपदान से आयु, नेत्रज्योति, धन, पुत्र और सौभाग्य प्राप्त होता है। एकादशी को दीपदान करने वाला विमान पर आरूढ़ होकर स्वर्ग में प्रमुदित होता है।
पाँच दिन जरूर करें दीपदान
यदि प्रतिदिन असमर्थ हैं तो कृष्णपक्ष के पाँच दिन – रमा एकादशी से दीपावली तक जरूर करें। महादेव ने कार्तिकेय को बताया – “कृष्णपक्षे विशेषेण पुत्र पंचदिनानि च। पुण्यानि तेषु यो दत्ते दीपं सोऽक्षयमाप्नुयात्।।” इन दिनों में किया दान अक्षय और कामना पूर्ण करने वाला होता है।
सूर्यास्त के बाद घर, गौशाला, देववृक्ष, मंदिर, श्मशान और नदी तट पर पाँच दिन घृत से दीप जलाने से जिनके श्राद्ध-तर्पण नहीं हुए, वे पापी पितर भी परम मोक्ष प्राप्त करते हैं।
✍️ ज्यो: शैलेन्द्र सिंगला, पलवल हरियाणा
नारायण सेवा ज्योतिष संस्थान
देवभूमि न्यूज 24
आध्यात्मिक लेखों, देश दुनिया गांव देहात की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन : 9816216579








