पांच महीने से स्थायी एसडीएम की नियुक्ति नहीं होने से छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए काटने पड़ रहे चक्कर
भीम सिंह दसाईक,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
कुपवी शिमला जिला के कुपवी उपमंडल में पिछले लगभग पांच महीनों से एसडीएम का नियमित पद रिक्त होने के कारण क्षेत्र की आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थायी एसडीएम की नियुक्ति नहीं होने से राजस्व संबंधी कार्यों, प्रशासनिक मामलों, विभिन्न प्रमाणपत्रों तथा अन्य सरकारी कार्यों के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
इस मामले को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब सरकार ने कुपवी को उपमंडल का दर्जा दिया है, तो यहां पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति सुनिश्चित करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। अतिरिक्त कार्यभार के सहारे किसी महत्वपूर्ण उपमंडल का प्रशासन लंबे समय तक नहीं चलाया जा सकता।
कुपवी एक दूरदराज क्षेत्र है, जहां पहले ही लोगों को भौगोलिक परिस्थितियों के चलते कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नियमित एसडीएम की तैनाती नहीं होने से आम जनता की परेशानियां और बढ़ गई हैं। लोगों को अपने छोटे-छोटे प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्यों के लिए भी अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ रही है।
क्षेत्र की जनता के प्रदेश सरकार से सीधे सवाल
पिछले पांच महीनों से कुपवी में नियमित एसडीएम की नियुक्ति क्यों नहीं की गई?आखिर कब तक इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद को खाली रखा जाएगा?क्या कुपवी की जनता को पूर्णकालिक प्रशासनिक अधिकारी उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता में नहीं है?क्या सरकार इस दूरदराज क्षेत्र की समस्याओं के प्रति जवाबदेह नहीं है?
क्षेत्र की जनता ने प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री से मांग की है कि कुपवी उपमंडल में तत्काल पूर्णकालिक एसडीएम की नियुक्ति की जाए, ताकि लोगों को प्रशासनिक एवं राजस्व संबंधी कार्यों में राहत मिल सके।
लोगों का कहना है कि कुपवी की जनता सरकार से कोई विशेष सुविधा नहीं मांग रही है, बल्कि अपने उपमंडल में बुनियादी प्रशासनिक व्यवस्था और अपने अधिकारों के अनुरूप सुविधाएं चाहती है। सरकार को इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए स्पष्ट करना चाहिए कि कुपवी में नियमित एसडीएम की नियुक्ति आखिर कब तक की जाएगी।
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव, मेरा देश निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध।
Devbhuminews24.in
देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579
कुपवी क्षेत्र की खबरे और विज्ञापन भेजने के लिए हमारे ब्यूरो भीम सिंह दसाईक से व्हाट्सएप 9805121268 पर संपर्क करें








