मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भटियात में जनसभा के दौरान की घोषणाएं, अगले माह शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’
*देवभूमि न्यूज 24*
चुवाड़ी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी में सिविल कोर्ट खोलने की घोषणा की है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों की मांग पर क्षेत्र में सीबीएसई से संबद्ध स्कूल खोलने तथा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं चुवाड़ी चौगान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अगले माह से ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करेगी। इसके तहत गरीब परिवारों की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। योजना में लाभार्थियों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली तथा स्वास्थ्य बीमा कार्ड के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के लगभग 10 हजार पात्र परिवारों की 20 हजार महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को कच्ची हल्दी के लिए 150 रुपये, गेहूं के लिए 80 रुपये और मक्की के लिए 50 रुपये प्रति किलोग्राम न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। इसी प्रकार गाय के दूध का समर्थन मूल्य 61 रुपये तथा भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। चंबा मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए 190 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं तथा यहां 32 स्नातकोत्तर सीटें भी उपलब्ध करवाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने आवश्यक स्टाफ की व्यवस्था किए बिना कई स्वास्थ्य और शैक्षणिक संस्थान खोल दिए थे। वर्तमान सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों का युक्तिकरण करने के साथ शिक्षकों के हजारों रिक्त पद भरे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूरी तरह मेरिट के आधार पर 2,700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गई है।
उन्होंने बताया कि 100 से अधिक स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया जा रहा है और इसके लिए शैक्षणिक स्टाफ के पदों को भरने के लिए भर्ती विज्ञापन भी जारी किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में हिमाचल प्रदेश वर्ष 2025 में देश में पांचवें स्थान पर पहुंचा है, जबकि वर्ष 2021 में प्रदेश 21वें स्थान पर था।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर प्रदेश को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान बंद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री के हिमाचल दौरे के दौरान घोषित 1,500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भी अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार संसाधन जुटाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के प्रयासों के माध्यम से हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चंबा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संतुलित विकास सुनिश्चित करने के प्रयास किए हैं। उन्होंने अपने गृह विधानसभा क्षेत्र भटियात का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले इस क्षेत्र को पिछड़ा माना जाता था, लेकिन अब सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने समाज के कमजोर वर्गों की सामाजिक सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना और मुख्यमंत्री ग्रीन पंचायत योजना जैसी पहलें शुरू की हैं। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदाओं में पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता को 1.50 लाख रुपये से बढ़ाकर 8.50 लाख रुपये किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष भटियात क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगें भी रखीं।
कार्यक्रम के दौरान सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंद लाल तथा युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व विधायक अजय महाजन, जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








