पारंपरिक हस्तकला को मिला बढ़ावा
*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला : दीपावली के पर्व को स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तकला और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से युवा स्वैच्छिक कार्य संस्था (यूवाह) एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र एवं सामाजिक कार्य विभाग ने संयुक्त रूप से ‘स्थानीय के लिए आवाज’ अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के पहले दिन कामना पूर्णी गौ सदन, टूटू, शिमला में लगभग 25 प्रतिभागियों ने पारंपरिक एवं पर्यावरण अनुकूल उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने गाय के गोबर से दीये, पारंपरिक सजावटी वस्तुएं, धूप, अगरबत्ती, हवन सामग्री, फूलदान एवं अन्य हस्तनिर्मित वस्तुएं तैयार करना सीखा। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने गौ सदन में मौजूद 60 से अधिक गौवंश की सेवा में भी योगदान दिया।
कार्यक्रम के दूसरे दिन 5 नवंबर को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर स्थित पिंक पेटल्स में तैयार किए गए उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी एवं बिक्री का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों को पर्यावरण अनुकूल एवं स्थानीय उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
युवा स्वैच्छिक कार्य संस्था की संगठन संयोजक सुश्री रीता ठाकुर, संस्था के सह-संस्थापक कपिल देव एवं स्वयंसेवकों ने सामाजिक कार्य विभाग के विद्यार्थियों के साथ मिलकर लोगों को स्थानीय उत्पाद खरीदने तथा स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र एवं सामाजिक कार्य विभाग के अध्यक्ष श्री आर.एल. जिंटा ने किया। इस अवसर पर विभाग की सहायक आचार्य डॉ. अनुपमा भारती, अंताक्षरी मैम एवं पुरुषोत्तम सर सहित विभाग के लगभग 15 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों गौरिक, अशोक, सोनम, ऋषिता, कंचन, राधा, रवीना, शाहिद, अमृतांश, हिमांशु एवं पूर्विका सहित अन्य प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर जैविक, वनौषधीय एवं हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार करने वाले समूहों को प्रोत्साहन देना, उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध करवाना तथा स्थानीय महिलाओं, कारीगरों एवं समुदायों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों को बढ़ावा देना है। साथ ही, दीपावली के अवसर पर पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों को अपनाने और पारंपरिक कला एवं कौशल को संरक्षित करने का संदेश भी दिया गया।
युवा स्वैच्छिक कार्य संस्था एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सामाजिक कार्य विभाग की इस संयुक्त पहल ने युवाओं को सामाजिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण, गौ सेवा और स्थानीय उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में सार्थक प्रयास किया।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव मेरा देश
देश दुनिया, गांव देहात की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन:9816216579
पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ








