सिरमौर पुलिस भर्ती: शारीरिक परीक्षा में 2,752 अभ्यर्थी सफल, महिला वर्ग में 1,177 और पुरुष वर्ग में 1,575 ने मारी बाजी

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

नाहन :जिला सिरमौर में पुलिस आरक्षी के महिला एवं पुरुष पदों के लिए आयोजित शारीरिक प्रवीणता परीक्षा एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा गुरुवार को संपन्न हो गई। पुलिस लाइन नाहन में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चली इस भर्ती प्रक्रिया की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक एम.एस. अंजुम आरा ने की।

पुलिस विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के तहत महिला वर्ग में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा कुल 3,314 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 2,620 महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,177 अभ्यर्थी शारीरिक प्रवीणता एवं शारीरिक मापदंड परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल रहीं।

इसी प्रकार पुरुष वर्ग में कुल 6,332 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 4,658 अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया और 1,575 पुरुष अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा पास की।

विज्ञप्ति के अनुसार, 5 नवंबर को पुरुष वर्ग के 832 अभ्यर्थियों को भर्ती के लिए कॉल लेटर जारी किए गए थे। इनमें से 570 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 152 अभ्यर्थी सफल रहे।

इस प्रकार सिरमौर जिले में महिला एवं पुरुष वर्ग को मिलाकर कुल 9,646 अभ्यर्थियों को कॉल लेटर जारी किए गए। इनमें से 7,278 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा में भाग लिया और कुल 2,752 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579