कार्तिक माह महात्म्य : ग्यारहवाँ अध्याय – जलंधर का देवताओं पर आक्रमण और इंद्रपुरी पर अधिकार

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 | धर्म-अध्यात्म

जिसको जप कर जीव, हो भवसागर से पार।
ग्यारहवें अध्याय का, ‘कमल’ करे विस्तार।।

कार्तिक माहात्म्य के ग्यारहवें अध्याय में सागर पुत्र जलंधर के क्रोध, देवताओं के साथ उसके युद्ध और अमरावती पर अधिकार करने की कथा का वर्णन मिलता है।

एक बार सागर पुत्र जलंधर अपनी पत्नी वृंदा के साथ असुरों की सभा में विराजमान था। उसी समय दैत्य गुरु शुक्राचार्य वहां पहुंचे। उनके तेज से चारों दिशाएं प्रकाशित हो उठीं। जलंधर ने असुरों सहित उठकर उनका आदरपूर्वक स्वागत किया और उन्हें प्रणाम किया। इसके बाद उन्हें दिव्य आसन पर बैठाकर स्वयं भी आसन ग्रहण किया।

जलंधर ने विनम्रतापूर्वक गुरु शुक्राचार्य से पूछा कि राहु का सिर किसने काटा था? इस पर शुक्राचार्य ने हिरण्यकश्यपु और उसके धर्मात्मा पौत्र की कथा का प्रसंग सुनाते हुए देवताओं और असुरों द्वारा किए गए समुद्र मंथन का वर्णन किया। उन्होंने बताया कि समुद्र मंथन से जब अमृत निकला तो राहु देवताओं का रूप धारण करके अमृतपान करने बैठ गया। तभी भगवान विष्णु ने उसका सिर काट दिया।

गुरु शुक्राचार्य के मुख से यह वृत्तांत सुनकर जलंधर अत्यंत क्रोधित हो उठा। उसके नेत्र लाल हो गए। उसने अपने धस्मर नामक दूत को बुलाकर पूरी घटना सुनाई और आदेश दिया कि वह इंद्रपुरी जाकर इंद्र को उसके सामने उपस्थित होने के लिए कहे।

जलंधर का आज्ञाकारी दूत धस्मर शीघ्र ही इंद्र की सुधर्मा सभा में पहुंचा और जलंधर का संदेश देते हुए बोला कि तुमने समुद्र मंथन करके मेरे पिता सागर के समस्त रत्न क्यों प्राप्त किए? यदि तुम अपना भला चाहते हो तो सभी रत्नों और देवताओं सहित मेरी शरण में आ जाओ, अन्यथा मैं तुम्हारे राज्य का विनाश कर दूंगा।

इंद्र ने दूत को उत्तर दिया कि पहले सागर ने मेरे भय से पर्वतों को अपनी कुक्षि में स्थान क्यों दिया और मेरे शत्रु दैत्यों की रक्षा क्यों की? इसी कारण मैंने उसके रत्न प्राप्त किए हैं। मेरा विरोध करने वाला सुखी नहीं रह सकता।

धस्मर ने वापस जाकर इंद्र का उत्तर जलंधर को सुना दिया। यह सुनकर जलंधर क्रोध से भर उठा और देवताओं पर विजय प्राप्त करने की तैयारी करने लगा। देखते ही देखते पाताल और चारों दिशाओं से करोड़ों असुर उसकी सेना में शामिल हो गए। शुंभ-निशुंभ सहित अनेक सेनापतियों के साथ जलंधर ने इंद्र के विरुद्ध युद्ध छेड़ दिया।

जलंधर की सेना ने इंद्र के नंदन वन में प्रवेश कर लिया। असुरों की शंखध्वनि और गर्जना से इंद्रपुरी गूंज उठी। देवता अमरावती छोड़कर युद्ध के लिए निकल पड़े। दोनों पक्षों के बीच भयंकर युद्ध हुआ। असुरों के गुरु शुक्राचार्य अपनी मृत संजीवनी विद्या से असुरों को पुनर्जीवित करते रहे, जबकि देवगुरु बृहस्पति द्रोणागिरि पर्वत से औषधियां लाकर देवताओं को पुनर्जीवित करते रहे।

जब जलंधर ने देखा कि उसके हाथों मारे गए देवता फिर से जीवित हो रहे हैं तो उसने शुक्राचार्य से इसका कारण पूछा। शुक्राचार्य ने बताया कि देवगुरु बृहस्पति द्रोणागिरि पर्वत से औषधियां लाकर देवताओं को फिर से जीवित कर रहे हैं।

यह सुनकर जलंधर और अधिक क्रोधित हो गया। शुक्राचार्य ने उसे बताया कि यदि वह द्रोणागिरि पर्वत को उखाड़कर समुद्र में फेंक दे तो देवताओं को पुनर्जीवित करने का साधन समाप्त हो जाएगा।

यह सुनकर जलंधर तत्काल द्रोणागिरि पर्वत के पास पहुंचा और अपनी भुजाओं के बल से उसे उखाड़कर समुद्र में फेंक दिया। कथा के अनुसार, यह सब भगवान शिव के तेज के प्रभाव से संभव हुआ।

जब देवगुरु बृहस्पति औषधियां लेने द्रोणागिरि पहुंचे तो उन्होंने पर्वत को वहां से गायब पाया। इससे वे चिंतित हो उठे और देवताओं के पास पहुंचकर कहा कि अब जलंधर को पराजित करना कठिन होगा, इसलिए युद्ध बंद कर देना चाहिए।

इंद्र द्वारा पूर्व में भगवान शिव का अपमान किए जाने का प्रसंग सुनकर देवताओं ने युद्ध में विजय की आशा छोड़ दी और इधर-उधर भागने लगे। इस प्रकार जलंधर निर्भय होकर अमरावती में प्रवेश कर गया। इंद्र सहित अन्य देवताओं ने गुफाओं में शरण ली।

कार्तिक मास में क्या करें और क्या न करें?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक मास भगवान विष्णु की आराधना, पूजा-पाठ, दीपदान और दान-पुण्य के लिए विशेष फलदायी माना गया है। इस महीने में श्रद्धालुओं को कुछ विशेष नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।

  1. कार्तिक मास में पराये अन्न अर्थात दूसरे के घर का भोजन त्यागने वाले व्यक्ति को अतिक्रच्छ यज्ञ का फल प्राप्त होने की मान्यता है।
  2. प्रतिदिन भगवान विष्णु को कमल के फूल अर्पित करने से करोड़ों जन्मों के पापों से मुक्ति मिलने का उल्लेख मिलता है।
  3. भगवान विष्णु को तुलसी दल अर्पित करना अत्यंत पुण्यकारी माना गया है।
  4. कार्तिक मास में प्रतिदिन श्रीमद्भगवद्गीता का एक अध्याय पढ़ना शुभ माना गया है।
  5. शालिग्राम शिला का दान करने से संपूर्ण पृथ्वी के दान के समान फल मिलने की धार्मिक मान्यता है।
  6. पूरे कार्तिक मास में पलाश के पत्तों की पत्तल पर भोजन करने को विष्णुलोक की प्राप्ति से जोड़ा गया है।
  7. तुलसी, पीपल और भगवान विष्णु की नियमित पूजा करनी चाहिए।
  8. भगवान विष्णु के मंदिर की परिक्रमा करने से प्रत्येक कदम पर अश्वमेध यज्ञ के समान पुण्य मिलने की मान्यता है।
  9. कार्तिक मास में दीपदान करना अत्यंत पुण्यकारी माना गया है।
  10. प्रतिदिन भगवान विष्णु के नाम का जप करना चाहिए।
  11. तुलसी, पीपल और आंवले के वृक्षों का रोपण करना शुभ और पुण्यदायी माना गया है।

धार्मिक मान्यताओं में कार्तिक मास को बिना किसी धार्मिक नियम और सत्कर्म के व्यतीत करना अनुचित बताया गया है। इसलिए श्रद्धालुओं को अपनी सामर्थ्य के अनुसार पूजा, जप, दान, सेवा और सदाचार का पालन करना चाहिए।

कार्तिक मास में ब्रह्म मुहूर्त में करें स्नान

कार्तिक मास में ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करने का विशेष धार्मिक महत्व बताया गया है। मान्यता है कि इस महीने में यमुना सहित पवित्र नदियों में सूर्योदय से पूर्व स्नान करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है।

इस दौरान महिलाएं सुबह जल्दी उठकर स्नान करती हैं। यह परंपरा अविवाहित और विवाहित दोनों महिलाओं के लिए शुभ मानी गई है।

यदि किसी कारणवश नदी में स्नान करना संभव न हो तो घर पर स्नान के जल में किसी पवित्र नदी का जल मिलाकर स्नान किया जा सकता है। इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा, तुलसी अर्चना और दीपदान करने की परंपरा है।

कार्तिक मास हमें भक्ति, संयम, सेवा, दान-पुण्य और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश देता है।

✍️ ज्यो: शैलेन्द्र सिंगला*
पलवल, हरियाणा
मोबाइल/व्हाट्सऐप: 9992776726
नारायण सेवा ज्योतिष संस्थान

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579