देवभूमि न्यूज 24
सिरमौर
सिरमौर जिला के शिक्षा खंड सतौन के अंतर्गत आने वाली राजकीय प्राथमिक पाठशाला (GPS) पारवा ल्वागो में समय पर ड्यूटी न पहुंचने के मामले में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। लापरवाही बरतने वाले एक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
⭕ क्या है पूरा मामला :
दरअसल, 13 नवंबर को सोशल मीडिया और स्थानीय न्यूज़ चैनलों पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें स्कूल में अध्यापकों के समय पर न पहुंचने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी रोष देखा गया।
ग्रामीणों ने इस लापरवाही के खिलाफ जमकर विरोध जताया था। इसके अलावा इस मामले को लेकर ‘मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन’ (1100) पर भी दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई गई थीं।
विभाग ने की पुष्टि :
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पारवा ल्वागो पाठशाला में कुल दो अध्यापक तैनात हैं।
पहले अध्यापक घटना वाले दिन खंड स्तरीय बाल मेले में भाग लेने के लिए सतौन गए हुए थे। वहीं, दूसरे अध्यापक पर ग्रामीणों और अभिभावकों ने पाठशाला में देरी से पहुंचने का गंभीर आरोप लगाया था, जिस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की शिक्षा के साथ लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देवभूमि न्यूज 24,मेरा गांव मेरा देश
सिरमौर की खबरों को पढ़ने के लिए देखते रहे
समाचार, विज्ञापन,समस्याएं भेजे
9816216579








