सोमभद्रा-स्वां नदी का अस्तित्व संकट में, झील निर्माण से पर्यटन को मिल सकती है नई उड़ान

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

ऊना : हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान से जुड़ी सोमभद्रा-स्वां नदी आज संरक्षण की चुनौती से जूझ रही है। कभी प्रलयंकारी बाढ़ के लिए चर्चित रही यह नदी समय के साथ तटीयकरण के बाद किसानों के लिए उपयोगी साबित हुई, लेकिन वर्तमान में अवैध अतिक्रमण, खनन, गंदगी और औद्योगिक गतिविधियों से निकलने वाले प्रदूषित पानी ने इसके अस्तित्व पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार शिवालिक-धौलाधार की तराई में दौलतपुर-घनारी के आसपास सोमभद्रा-स्वां नदी का उद्गम स्थल माना जाता है। विभिन्न सहायक खड्डों के जल को समेटते हुए यह नदी जिला मुख्यालय ऊना तक पहुंचती है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी इस नदी का विशेष महत्व माना जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार ऋग्वेद में इसे ‘स्वस्तु’ की उपमा दी गई है, जिसका अर्थ कल्याणकारी और मंगलकारी माना जाता है। रामायण में भी इसके ‘सोमभद्रा’ नाम का उल्लेख किए जाने की मान्यता है।


प्रदूषण बनी बड़ी चुनौती
वर्तमान में उद्गम क्षेत्र से लेकर ऊना मुख्यालय तक नदी के कई हिस्सों में मलबे और गंदगी के ढेर दिखाई देते हैं। अवैध खनन और अतिक्रमण के कारण नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले प्रदूषित एवं तेजाबी पानी को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। धार्मिक पर्वों के दौरान नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के लिए भी यह गंभीर विषय बनता जा रहा है।
दो दशक से उठ रही झील निर्माण की मांग
सोमभद्रा-स्वां नदी के संरक्षण और क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पिछले करीब दो दशकों से दौलतपुर से ऊना मुख्यालय तक सोमभद्रा-स्वां झील के निर्माण की मांग उठती रही है। प्रबुद्ध वर्ग का मानना है कि नदी के उपयुक्त हिस्से में झील का निर्माण किया जाए तो यह क्षेत्र नौकायन और पर्यटन गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
ऊना में ब्रॉडगेज रेलवे कनेक्टिविटी और दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से रेल सेवाओं के विस्तार से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं। ऐसे में सोमभद्रा-स्वां झील परियोजना को मूर्त रूप दिए जाने से क्षेत्र में पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल सकता है।
सरकार से संरक्षण और परियोजना को मंजूरी की मांग
स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध वर्ग का कहना है कि सोमभद्रा-स्वां नदी को प्रदूषण, अवैध खनन और अतिक्रमण से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही, झील निर्माण की व्यवहार्यता का वैज्ञानिक अध्ययन करवाकर केंद्र और प्रदेश सरकार को इस दिशा में गंभीरता से विचार करना चाहिए। उनका मानना है कि नदी का संरक्षण और प्रस्तावित झील परियोजना ऊना को धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।