नेपाल में बाढ़ का कहर: नदी में बहा बैंक लॉकर, नकदी लूटने के आरोप में 29 गिरफ्तार

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
काठमांडू : नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बाढ़ के तेज बहाव में रसुवा से एक बैंक का लॉकर बहकर धादिंग जिले के गल्छी गांवपालिका-4 स्थित बेलखूखोला के पास त्रिशूली नदी के किनारे पहुंच गया। इसके बाद लॉकर से नकदी निकालने की होड़ मच गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 29 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 92 लाख 68 हजार 505 नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में पवन पौडे, वीरबहादुर राना मगर, विनोद गिरी, नवराज भेटुवाल, पूर्णलाल श्रेष्ठ, विष्णुमणि अधिकारी, कृष्ण मगर, शिवबहादुर राना मगर, युवराज अधिकारी, सुशान्त श्रेष्ठ, सुचिमबहादुर राना मगर, सविन श्रेष्ठ, प्रेमबहादुर राना मगर और अनिल भेटुवाल सहित कुल 29 लोग शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि बाढ़ के दौरान बैंक लॉकर पानी के तेज बहाव में बह गया था। त्रिशूली नदी के किनारे पहुंचने के बाद लोगों ने उसे खोलकर उसमें रखी नकदी निकाल ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आरोपियों को हिरासत में लिया।
वहीं नेपाल में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित हुआ है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, हादसे में 600 से अधिक लोगों की मौत और करीब 2,500 लोगों के लापता होने की बात सामने आई है। लापता लोगों में भारतीय नागरिकों समेत बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं।
बाढ़ के बीच बैंक लॉकर के बहकर नदी किनारे पहुंचने और उसके बाद नकदी बरामदगी का यह मामला नेपाल में चर्चा का विषय बना हुआ है।