देवभूमि न्यूज 24
बठिंडा : बॉलीवुड अभिनेत्री एवं मंडी से सांसद कंगना रनौत से जुड़े मानहानि मामले में बठिंडा अदालत में सुनवाई हुई। कंगना रनौत ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सुनवाई के दौरान बीबी महिंदर कौर के पोते गुरप्रीत सिंह की गवाही भी दर्ज की गई।महिंदर कौर के अधिवक्ता रघुबीर सिंह बहनीवाल के अनुसार, अदालत में कंगना के विवादित ट्वीट को लेकर बचाव पक्ष ने अपना पक्ष रखा। कंगना के वकील ने दलील दी कि संबंधित ट्वीट बीबी महिंदर कौर को लेकर नहीं था, बल्कि बिलकिस बानो से संबंधित था।वहीं, शिकायतकर्ता पक्ष के वकील ने अदालत में कहा कि बीबी महिंदर कौर को पंजाब में सम्मान प्राप्त है और विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता भी दी जाती रही है।अब इस मामले में अगली सुनवाई 15 सितंबर 2026 को होगी। उस दिन बीबी महिंदर कौर को भी अदालत में पेश होना होगा। इसके अलावा कंगना रनौत के पासपोर्ट जब्त करने के मुद्दे पर भी अदालत में सुनवाई होने की संभावना है। ऐसे में अगली तारीख पर मामले की कार्रवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।








