देवभूमि न्यूज 24
बिलासपुर/बरमाणा पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बिलासपुर के बरमाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की 12 वर्षों की विकास यात्रा की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में सेवा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं और भारत ‘फ्रैजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में रक्षा उत्पादन में करीब चार गुना, खादी एवं ग्रामोद्योग में करीब पांच गुना, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में करीब सात गुना, आधुनिक रेलवे कोच उत्पादन में 21 गुना और मोबाइल फोन उत्पादन में 35 गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या करीब चार गुना, पेटेंट मिलने की संख्या चार गुना और डिजिटल लेन-देन में करीब 100 गुना वृद्धि हुई है। हर घर नल से जल पहुंचाने की गति में 15 गुना, गैस कनेक्शन देने की गति में छह गुना, शौचालय निर्माण में चार गुना और गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की गति में तीन गुना बढ़ोतरी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार ने हजारों अनुपालनों को समाप्त करने और सैकड़ों पुराने कानूनों को खत्म करने के साथ शासन व्यवस्था को सरल बनाया है। आधुनिक बुनियादी ढांचे के विस्तार के साथ मेट्रो नेटवर्क और सार्वजनिक परिवहन का भी व्यापक विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की परिभाषा बदली है। अब विकास का केंद्र केवल बड़े प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि आम नागरिक का जीवन आसान बनाना, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा उसके सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। जनधन योजना से करोड़ों लोगों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया, उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से राहत दी, आयुष्मान भारत ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी और प्रधानमंत्री आवास योजना ने करोड़ों परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने में मदद की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि डिजिटल इंडिया से सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान हुई है, जबकि सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार ने रोजगार और अवसरों के नए द्वार खोले हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास से भरा हुआ है और धरती से अंतरिक्ष तक तथा गांवों से वैश्विक मंच तक अपनी क्षमता और नेतृत्व का परिचय दे रहा है। भारत अब चुनौतियों से घबराने वाला नहीं, बल्कि उन्हें अवसरों में बदलकर नए कीर्तिमान स्थापित करने वाला राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत’ का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है।
कार्यशाला में प्रदेश बिलासपुर प्रभारी रश्मिधर सूद, जिला अध्यक्ष किशन चंदेल, नयनादेवी विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता विधायक जे.आर. कटवाल, बिलासपुर सदर विधायक त्रिलोक जामवाल, जिला परिषद अध्यक्ष लेखराम, पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली विकास की परिभाषा, भारत ने हासिल की नई ऊंचाइयां: जयराम ठाकुर








