देवरी खनेटी पंचायत के दर्जनों गांवों के सैकड़ों बागवानों ने सरकार व प्रशासन के रवैये पर जताई नाराजगी
देवभूमि न्यूज 24
देवरी खनेटी ग्राम पंचायत के जशाला-चकनोटी क्षेत्र में सेब सीजन चरम पर होने के बावजूद HPMC का डिपो न खुलने से क्षेत्र के बागवानों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि इस वर्ष पहले ही सेब उत्पादन में कमी आई है और ऊपर से ओलावृष्टि के कारण बड़ी मात्रा में सेब C-ग्रेड में तब्दील हुआ है। ऐसी स्थिति में जशाला में HPMC का डिपो खुलना बागवानों के लिए बेहद आवश्यक था, जबकि यंहा पर हर वर्ष डिपो खुला होता था लेकिन अभी तक डिपो न खुलने से किसानों-बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि जशाला-चकनोटी क्षेत्र के बागवानों को अपनी C-ग्रेड सेब की बोरियां लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर खनेटी स्थित HPMC केंद्र तक ले जानी पड़ रही हैं। यदि किसी मध्यम किसान के पास 10 बोरी सेब भी हैं तो उसे मजबूरन पूरी पिकअप का किराया देना पड़ता है। परिवहन खर्च जोड़ने के बाद एक बोरी पर लगभग 60 से 70 रुपये तक अतिरिक्त भार पड़ रहा है। इससे छोटे और मध्यम बागवानों की लागत बढ़ रही है तथा उन्हें अपनी उपज का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा।
बागवानों का कहना है कि एक ओर प्राकृतिक आपदा और ओलावृष्टि ने उनकी फसल को प्रभावित किया है, वहीं दूसरी ओर सरकार और प्रशासन द्वारा स्थानीय स्तर पर HPMC डिपो उपलब्ध न करवाने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। इस वर्ष C-ग्रेड सेब की मात्रा अधिक होने के कारण HPMC खरीद केंद्र की स्थानीय स्तर पर उपलब्धता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। ग्रामीणों ने कहा कि फसल खराब होने की स्थिति में सरकार और प्रशासन को किसानों-बागवानों की मदद के लिए आगे आना चाहिए था, लेकिन इसके विपरीत उन्हें अतिरिक्त परिवहन खर्च उठाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के इस भेदभावपूर्ण रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जशाला में HPMC डिपो को बंद रखा जाना क्षेत्र के बागवानों के हितों के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि डिपो न खोलने का निर्णय कहीं राजनीतिक भेदभाव से प्रेरित तो नहीं है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि राजनीति से ऊपर उठकर बागवानों की वास्तविक समस्या को समझते हुए जशाला-चकनोटी में तुरंत प्रभाव से HPMC डिपो खोला जाए।
इस मौके पर स्थानीय पंचायत के उपप्रधान नरेश सोंटा, प्रदीप लेटका, नरेश, राजेश, वीरेन्द्र, जोगिन्द्र, हरदेव, प्रीतम सिंह डमोली, दुर्गा दास, कृष्ण लाल रोंगटा, कैलाश रोल्टा, घनश्याम रोल्टा, फागनू राम, संजय, सागर, कुंदन लाल लेटका, दयानंद लेटका, हेमचंद सोंटा, बृजलाल सोंटा, इंदर सिंह लेटका, दौलत थानता, यश थानटा, सुभाष, परवीन, अरविन, रवीन सोंटा, एम.आर. रोल्टा, बलवान थानटा, प्रेमलाल , चंद्र दीप लेटका, देवी राम रकटा, शेर सिंह, बलवीर सिंह रोंगटा, सुरेंद्र सिंह थानटा सहित सैकड़ों बागवानों एवं ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से जशाला में HPMC डिपो शीघ्र खोलने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जशाला में HPMC डिपो नहीं खोला गया तो क्षेत्र के बागवान अपनी मांग को लेकर उचित मंच पर आवाज बुलंद करने के लिए मजबूर होंगे।








