कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : शिलाई क्षेत्र के विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों पर प्रशासनिक कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए तपेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन से लंबित मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई और एक्शन टेकन रिपोर्ट उपलब्ध करवाने की मांग की है।
तपेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने 6 अगस्त 2026 को उपायुक्त सिरमौर के समक्ष एक प्रतिनिधित्व प्रस्तुत किया था। इसमें राजस्व सदन शिलाई, पीएमएवाई-जी, विज्ञान शिक्षा, यातायात और सार्वजनिक सुविधाओं सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल थे।
उनके अनुसार, प्रतिनिधित्व पर 13 अगस्त को ऐसी टु डीसी कार्यालय की ओर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे। तपेंद्र सिंह का कहना है कि इसके बाद संबंधित पत्र शिलाई स्तर तक पहुंचने में करीब 15 से 20 दिन का समय लगा। उन्होंने डिजिटल संचार की वर्तमान व्यवस्था का हवाला देते हुए इस प्रक्रिया में लगे समय पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि राजस्व सदन शिलाई का मामला करीब 11 वर्षों से लंबित बताया जा रहा है। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर पत्राचार और कार्रवाई में होने वाली देरी जनहित के दृष्टिकोण से चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधित्व को करीब एक माह पूरा होने के बावजूद उन्हें अभी तक संबंधित मामलों पर कोई ठोस प्रगति रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
मामले को लेकर तपेंद्र सिंह ने दोबारा एसी टु डीसी सिरमौर के कार्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा में ए टी आर प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न मामलों की वर्तमान स्थिति स्पष्ट होगी और आगे की कार्रवाई तय करने में मदद मिलेगी।
तपेंद्र सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी रोकना और जवाबदेही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राजस्व सदन,पी एम ए वाई जी सहित प्रतिनिधित्व में उठाए गए अन्य मुद्दों को वे उपलब्ध प्रशासनिक, संवैधानिक और कानूनी माध्यमों के तहत आगे उठाते रहेंगे।
उन्होंने जिला प्रशासन से 13 अगस्त को जारी निर्देशों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट करने, लंबित ए टी आर शीघ्र प्राप्त करने और प्रतिनिधित्व पर समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की है।
प्रशासन का पक्ष: इस संबंध में जिला प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो पाई है। प्रशासन का पक्ष मिलने पर उसे भी रिपोर्ट में शामिल किया जा सकता है।








