सिरमौर में सड़क हादसों की तीन घटनाएं, छह घायल; नाहन नगर परिषद में ₹5.25 लाख के कथित गबन का मामला दर्ज

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

नाहन, 7 सितंबर। सिरमौर जिले में सोमवार को सड़क दुर्घटनाओं के तीन अलग-अलग मामलों में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, नाहन में नगर परिषद के यूजर चार्ज की राशि में कथित गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता को लेकर भी मामला दर्ज किया गया है।
क्वागधार में कार-बाइक की टक्कर, बाइक सवार घायल
पच्छाद थाना के तहत क्वागधार हेलीपैड के समीप कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार पंकज कुमार घायल हो गया। पुलिस को दी शिकायत में डॉ. निखिल भारद्वाज निवासी धनोह, बिलासपुर ने बताया कि वह अपनी थार कार HP24F-2110 से चंडीगढ़ से सराहां की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे क्वागधार हेलीपैड से कुछ पीछे मोड़ पर सराहां की ओर से आ रही बाइक HR04K-5637 तेज रफ्तार और गलत दिशा में आकर उनकी कार से टकरा गई। बाइक पंकज कुमार निवासी अहमदपुर, जिला अंबाला चला रहा था। हादसे में उसे काफी चोटें आईं। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संगड़ाह चौक पर बाइक भिड़ीं, पति-पत्नी घायल
रेणुका जी थाना क्षेत्र के संगड़ाह चौक में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में पति-पत्नी घायल हो गए। शिकायतकर्ता दीपक निवासी रौंडी ने पुलिस को बताया कि वह 6 सितंबर को अपनी बाइक HP79-4371 पर बड़ग से कालाआम्ब लौट रहा था। दोपहर करीब एक बजे संगड़ाह चौक पर ददाहू की ओर मुड़ते समय सामने से तेज रफ्तार और गलत दिशा में आई बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह और उनकी पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गए। टक्कर के बाद दूसरी बाइक पर सवार दो व्यक्ति मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बगनल में पिकअप सड़क से नीचे गिरी, तीन घायल
शिलाई थाना क्षेत्र के बगनल में पिकअप के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चले जाने से तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार जयपाल निवासी जवडोऊ ने शिकायत दर्ज करवाई कि 5 सितंबर को वह ड्यूटी के लिए हाबन जा रहा था। रास्ते में उसे रोहित और मनोज मिले, जो HP71A-7323 पिकअप में सेब ढुलाई के लिए जा रहे थे। तीनों जवडोऊ से पिकअप में सवार होकर चले। बगनल के पास चालक रोहित द्वारा ब्रेक न लगा पाने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे चला गया। हादसे में जयपाल, मनोज और चालक रोहित घायल हो गए। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
नाहन नगर परिषद में ₹5.25 लाख के कथित गबन का मामला
नाहन में नगर परिषद के डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए वसूले गए यूजर चार्ज में ₹5,25,210 की कथित कमी पाए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार की शिकायत के अनुसार, आउटसोर्स सफाई कर्मचारी नितिन कल्याण को यूजर चार्ज वसूली के लिए रसीद पुस्तिकाएं जारी की गई थीं।
शिकायत के मुताबिक जून 2023 से 15 सितंबर 2025 तक कुल ₹11,18,660 यूजर चार्ज एकत्रित किया गया, जबकि संबंधित कर्मचारी अहसान अहमद के पास केवल ₹5,93,450 जमा करवाए गए। इससे ₹5,25,210 की राशि कम जमा पाई गई, जिसे कथित गबन बताया गया है।
इसके अलावा ₹3,94,300 की राशि से संबंधित डुप्लीकेट रसीदें उपलब्ध नहीं होने तथा जारी की गई 16 रसीद पुस्तिकाओं में से पांच पुस्तिकाएं और संबंधित रिकॉर्ड नगर परिषद कार्यालय में वापस जमा न होने की बात भी शिकायत में कही गई है। शिकायत में दोनों कर्मचारियों पर आपसी मिलीभगत से सरकारी धन के कथित गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।