SIU नाहन की टीम ने बद्रीपुर चौक पर कार रोककर की तलाशी, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन : जिला सिरमौर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत SIU नाहन की पुलिस टीम ने पांवटा साहिब में एक व्यक्ति को 5.76 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर को टीम रैनबैक्सी चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रोहित विक्रम निवासी कच्चा टैंक, नाहन कथित तौर पर नशे की बिक्री करता है और एक कार HP71A-1649 (ऑल्टो) में चिट्टे की खेप लेकर पांवटा बस स्टैंड की ओर से नाहन जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बद्रीपुर चौक पर उक्त कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 5.76 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
शिलाई अस्पताल के फार्मेसी ऑफिसर से रास्ते में मारपीट, मामला दर्ज
ड्यूटी के बाद साथी के साथ खाना खाकर कमरे की ओर लौट रहे थे, रास्ता रोककर मारपीट करने का आरोप
शिलाई : पुलिस थाना शिलाई के अंतर्गत एक फार्मेसी ऑफिसर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नवनीत ठाकुर निवासी बडाल, डाकघर गोपालपुर, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी, शिलाई अस्पताल में फार्मेसी ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 सितंबर को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने साथी रवि कुमार के साथ करीब रात 8 बजे मून लाइट होटल में खाना खाने गए थे।
शिकायत के अनुसार, रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद दोनों वापस अपने कमरे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और कथित तौर पर बिना किसी कारण उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में नवनीत ठाकुर के सिर पर चोट लगने की बात कही गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना शिलाई में मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।








