छठे-सातवें दिन मिल रहा पानी, 1.5 किलोमीटर दूर खड्ड से पानी ढोने को मजबूर ग्रामीण महिलाएं; जल शक्ति विभाग पर अनदेखी के आरोप
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई :शिलाई बाजार में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीण महिलाओं का आक्रोश अब सड़क पर उतरने जा रहा है। पेयजल आपूर्ति नियमित न होने से परेशान महिलाओं ने जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ आज 11 बजे रोष रैली निकालने का निर्णय लिया है।
महिलाओं श्यामा ठाकुर, आशा देवी, मूरतो देवी, तारा देवी, जानकी देवी, अंजुबाला और सरिता देवी सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि शिलाई धार में पेयजल आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है। उनका आरोप है कि कई बार छठे या सातवें दिन पानी की आपूर्ति होती है और कभी-कभी दस-दस दिन तक पानी नहीं आता।
महिलाओं के अनुसार, पानी की समस्या के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खड्ड में स्थित जलस्रोत से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इतनी दूर से पानी लाकर परिवार की दैनिक जरूरतें पूरी करना विशेषकर महिलाओं के लिए बेहद कठिन हो गया है।
ग्रामीण महिलाओं ने जल शक्ति विभाग पर लापरवाही और समस्या की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि जब विभाग अपने दायित्व का प्रभावी ढंग से निर्वहन नहीं करता, तो जनता के पास आंदोलन का रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।
महिलाओं के निर्णय के अनुसार आज 11 बजे विश्राम गृह शिलाई से जल शक्ति विभाग के कार्यालय तक रोष रैली निकाली जाएगी। प्रदर्शन के माध्यम से विभाग से शिलाई धार की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी।
ग्रामीण महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








