देवभूमि न्यूज 24
शिलाई : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कफोटा में 5 से 8 सितंबर तक आयोजित चार दिवसीय अंडर-14 ब्लॉक स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में कफोटा विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए।
समापन समारोह में एसवीएन स्कूल कफोटा के एमडी सुरजन कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों एवं टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की।
प्रतियोगिता में कफोटा विद्यालय ने सोलो सॉन्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं लोक नृत्य में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान तथा कबड्डी में भी द्वितीय स्थान हासिल कर दो रजत पदक जीते।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर सभी विजेता विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कफोटा स्कूल के विद्यार्थियों ने U-14 प्रतियोगिता में लहराया परचम, दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीते








