कैबिनेट विस्तार से पहले दिल्ली में जुटे कांग्रेस के दिग्गज, फेरबदल की अटकलों से सियासी हलचल तेज

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में संभावित कैबिनेट विस्तार और फेरबदल से पहले प्रदेश कांग्रेस की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत आधे से अधिक मंत्री इन दिनों नई दिल्ली में हैं। कांग्रेस हाईकमान के साथ मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर बैठकों का दौर चल रहा है। माना जा रहा है कि अगले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने के साथ मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं।
वर्तमान में हिमाचल मंत्रिमंडल में एक पद रिक्त है। इसी रिक्त पद को भरने के साथ मंत्रिमंडल में बदलाव की संभावनाएं भी चर्चा में हैं। सूत्रों के अनुसार किसी नए और मजबूत चेहरे को जगह देने के लिए कम सक्रिय माने जा रहे किसी मौजूदा मंत्री को हटाया भी जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की सहमति के बाद ही होगा।
दिल्ली में जुटे कई वरिष्ठ नेता
मुख्यमंत्री सुक्खू पहले से ही नई दिल्ली में हैं और सोमवार को उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कैबिनेट मंत्री धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार और हर्षवर्धन चौहान भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। रोहित ठाकुर पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। मुख्यमंत्री के बुधवार शाम तक शिमला लौटने की संभावना है।
सुंदर ठाकुर का नाम सबसे आगे
मंत्रिमंडल में संभावित नए चेहरे के तौर पर कुल्लू सदर के विधायक सुंदर ठाकुर का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुक्खू भी पूर्व में उनके मंत्री बनने के संकेत दे चुके हैं। इसके अलावा पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल और एक अन्य वरिष्ठ विधायक का नाम भी मंत्री पद की दौड़ में बताया जा रहा है। कांग्रेस के भीतर एक धड़ा आशीष बुटेल को मंत्रिमंडल में शामिल करने की पैरवी कर रहा है।
एक मंत्री की छुट्टी की चर्चा ने बढ़ाई बेचैनी
कैबिनेट विस्तार के साथ फेरबदल की संभावनाओं ने मौजूदा मंत्रियों की धड़कनें भी बढ़ा दी हैं। सूत्रों के मुताबिक हाईकमान स्तर पर मंत्रियों के कामकाज और प्रदर्शन का आकलन किया जा रहा है। यदि विस्तार के साथ किसी मौजूदा मंत्री को हटाकर नया चेहरा शामिल किया जाता है तो इसे सरकार और संगठन में बदलाव के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जाएगा।
इसके अलावा कुछ मंत्रियों के विभागों में भी फेरबदल की संभावना जताई जा रही है। क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, राजनीतिक समीकरण और चुनावी जरूरतों के बीच कांग्रेस हाईकमान मंत्रिमंडल की नई तस्वीर तय कर सकता है। अब निगाहें दिल्ली में चल रहे मंथन और हाईकमान के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।