*देवभूमि न्यूज 24*
मंडी : हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत का श्रेय पंडित राजीव शर्मन को दिया जाता है। उनके समर्थकों और आयोजकों के अनुसार वर्ष 1989 में मंडी की छोटी काशी में श्री मांडव्य नगर गणेशोत्सव का आयोजन कर उन्होंने हिमाचल की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा में सार्वजनिक गणेशोत्सव की एक नई कड़ी जोड़ी। इसके बाद ऊना के अम्बिका नगर-अम्ब में भी गणेशोत्सव की परंपरा आगे बढ़ी।
श्री सिद्ध गणपति मंदिर, मंडी में आज भी गणेशोत्सव के दौरान सजने वाला भव्य प्रांगण उस दौर की स्मृतियों को जीवंत करता है। आयोजकों का कहना है कि महाराष्ट्र की सार्वजनिक गणेशोत्सव परंपरा को हिमाचल की देवभूमि में स्थापित करने का प्रयास पंडित राजीव शर्मन ने किया था। उनका दावा है कि उस समय हिमाचल में सार्वजनिक स्तर पर इस तरह के गणेशोत्सव की कोई स्थापित परंपरा नहीं थी।
विरोध के बीच कायम रखा गणेशोत्सव का संकल्प
सार्वजनिक गणेशोत्सव शुरू करने के दौरान उन्हें धार्मिक परंपराओं को लेकर विरोध और सवालों का सामना भी करना पड़ा। गणपति विसर्जन को लेकर यह तर्क दिया गया कि यदि गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर दिया जाए तो नवरात्र और दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी-गणेश पूजन कैसे होगा। इसके जवाब में शास्त्रोक्त परंपराओं और गणेश पूजन-विसर्जन से जुड़े धार्मिक संदर्भों का हवाला दिया गया। आयोजकों के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर जनेऊ, सुपारी अथवा नारियल के माध्यम से भी विसर्जन की परंपरा अपनाई गई।
1994 में गिरफ्तारी का भी किया सामना
गणेशोत्सव के संघर्षपूर्ण इतिहास में 11 सितंबर 1994 की घटना का भी उल्लेख किया जाता है। इंदिरा मार्केट, मंडी में चंदा चोरी के आरोपों के मामले में पंडित राजीव शर्मन की गिरफ्तारी हुई थी। उनके समर्थकों के अनुसार बाद में न्यायालय ने पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में उन्हें रिहा कर दिया। आयोजकों का यह भी दावा है कि गणेशोत्सव के लिए मिलने वाले 4 हजार रुपये के अनुदान को रोकने के प्रयासों के बावजूद आयोजन की परंपरा जारी रखी गई।
इसी दौर में कुल्लू-बंजार घाटी के श्री देव बड़ा छमाहूं की उपस्थिति और हजारों देवलुओं की सांस्कृतिक भागीदारी के साथ मंडी में धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। 16 से 18 सितंबर तक खत्री सभा भवन में मंडयाली धाम तथा इंदिरा मार्केट में करीब दस दिनों तक चले आयोजन को भी इस यात्रा का महत्वपूर्ण अध्याय बताया जाता है।
1989 का बीज आज वटवृक्ष बनने का दावा
आयोजकों के अनुसार मंडी में जिस सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत 1989 में हुई थी, वह आज दर्जनों गणेश मंडलों तक पहुंच चुका है। गणेश चतुर्थी के बाद विभिन्न मंडलों द्वारा विधि-विधान से व्यास नदी में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। इसे सार्वजनिक गणेशोत्सव की उस परंपरा के विस्तार के रूप में देखा जाता है, जिसकी शुरुआत का श्रेय पंडित राजीव शर्मन को दिया जाता है।
इसी योगदान के चलते समर्थकों और आयोजकों की ओर से उन्हें “हिमाचल प्रदेश सार्वजनिक गणेशोत्सव का जन्मदाता” और “हिमाचल का लोकमान्य तिलक” जैसी उपाधियों से संबोधित किया जाता है। उनके अनुसार सार्वजनिक गणेशोत्सव की यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं, बल्कि हिमाचल की सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक एकता और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण से भी जुड़ी है।
“हिमाचल में सार्वजनिक गणेशोत्सव का इतिहास 1989 से 2026” के रूप में इस पूरी यात्रा को दस्तावेज के रूप में सामने लाने का प्रयास भी इसी सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








