देवभूमि न्यूज 24
सैंज/कुल्लू : कुल्लू जिला की शानशर कोठी के ग्राम पंचायत देहुरोधार के आराध्य देवता बजुडु अपनी जन्मतिथि के अवसर पर शनिवार को देवता भभू जी के साथ वजुडु धार सारी नामक पवित्र स्थान पर पहुंचे। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु भी देवताओं के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे।
देवता बजुडु के कारदार तेज राम, गुर प्यारे राम तथा पुजारी डोले राम ने बताया कि देव परंपरा के अनुसार देवता का यह आगमन हजारों वर्षों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। देवता के आगमन के अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।
देवता के गुर के माध्यम से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की गई। इस अवसर पर देवता बजुडु ने श्रद्धालुओं को सुखी एवं खुशहाल जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया।
ग्रामीणों के अनुसार देव परंपराएं कुल्लू की समृद्ध संस्कृति और धार्मिक आस्था की पहचान हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं का निर्वहन आज भी पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किया जा रहा है।








