11 में से 10 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, शिमला में 26 साल बाद सत्ता वापसी; बिंदल बोले- जनता ने बदलाव का संकेत दे दिया
देवभूमि न्यूज 24
शिमला : हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के बाद जिला परिषदों की सत्ता का गणित कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक चुनौती बनकर सामने आया है। लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश की 11 जिला परिषदों में से 10 पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष काबिज होने से ग्रामीण हिमाचल में भाजपा के बढ़ते प्रभाव का संदेश गया है। केवल चंबा जिला परिषद में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। जिला परिषदों के इन नतीजों ने कांग्रेस सरकार के लिए पंचायत स्तर पर अपनी पकड़ बनाए रखने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिला परिषदों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने समर्थित सदस्यों को एकजुट रखने के लिए पूरी ताकत झोंकी। कई जगह निर्दलीय और अन्य सदस्यों का समर्थन निर्णायक रहा। इसके बावजूद अंतिम तस्वीर में भाजपा समर्थित पैनल 10 जिला परिषदों में सत्ता हासिल करने में सफल रहा। राजनीतिक तौर पर इसे ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के संगठनात्मक नेटवर्क और चुनावी प्रबंधन की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
शिमला में कांग्रेस को बड़ा झटका, 26 साल बाद भाजपा की वापसी
शिमला जिला परिषद का परिणाम भाजपा के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश लेकर आया है। 25 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या 13 और कांग्रेस समर्थित सदस्यों की संख्या 12 मानी जा रही थी। इसके बावजूद चुनाव में भाजपा ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा जमा लिया।
बचत भवन में हुए चुनाव में भाजपा समर्थित भोपेंद्र सिसोदिया अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्हें 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित सुरेंद्र रेटका को 10 मत मिले। दो मत अवैध घोषित किए गए। उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित भरत सिंह कलांटा ने 14 मत हासिल किए, जबकि कांग्रेस समर्थित मीनाक्षी को 10 वोट मिले। एक मत अवैध घोषित हुआ।
इस जीत के साथ भाजपा ने करीब 26 साल बाद शिमला जिला परिषद की सत्ता में वापसी की है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोपेंद्र सिसोदिया और उपाध्यक्ष भरत सिंह कलांटा को शपथ दिलाई।
चंडीगढ़ की रणनीति ने बदला शिमला का समीकरण
शिमला जिला परिषद चुनाव से पहले भाजपा की रणनीतिक बैठक चंडीगढ़ में हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा समर्थित जिला परिषद सदस्यों, पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया था। सदस्यों को एकजुट रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके बाद जिस तरह भाजपा समर्थित सदस्य अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में एकजुट रहे, उससे साफ हुआ कि पार्टी ने चुनाव को केवल स्थानीय निकाय का चुनाव न मानकर इसे राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी लिया।
बिंदल का कांग्रेस पर सीधा हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला जिला परिषद की जीत को कांग्रेस सरकार के लिए राजनीतिक संदेश बताया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता का कांग्रेस सरकार से मोहभंग हो रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों से बदलाव की तस्वीर सामने आ रही है।
बिंदल ने आरोप लगाया कि जिला परिषद शिमला के चुनाव में कांग्रेस सरकार ने अपने समर्थित प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई। उन्होंने दावा किया कि कई मंत्रियों को चुनाव की जिम्मेदारी दी गई और सत्ता तथा प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल करने के प्रयास हुए। इसके बावजूद भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई।
बिंदल ने कहा कि जिला परिषदों के परिणामों ने यह संकेत दे दिया है कि प्रदेश का राजनीतिक माहौल बदल रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता में नाराजगी बढ़ रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में वापसी करेगी।
पंचायत चुनाव के बाद बदला ग्रामीण राजनीति का मूड?
जिला परिषदों के चुनाव परिणामों ने अब प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। विधानसभा चुनाव से पहले ग्रामीण स्तर पर राजनीतिक पकड़ किसी भी दल के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में 10 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुना जाना कांग्रेस के लिए निश्चित तौर पर राजनीतिक चुनौती है।
हालांकि जिला परिषद चुनावों के परिणामों को सीधे विधानसभा चुनाव का जनादेश मानना जल्दबाजी होगी, लेकिन भाजपा के लिए यह परिणाम संगठनात्मक मजबूती और ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पकड़ के दावे को मजबूत करने वाला जरूर है। वहीं कांग्रेस के सामने अब इन परिणामों के बाद पंचायत स्तर पर अपने संगठन और समर्थित प्रतिनिधियों को एकजुट रखने की चुनौती बढ़ गई है।
जिला परिषदों में भाजपा का दबदबा, कांग्रेस के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से खतरे की घंटी








