कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
सिरमौर जिला के शिलाई ब्लॉक में रीबिल्ड इंडिया फंड-डासरा कार्यक्रम के अंतर्गत एकल नारी शक्ति संगठन की ओर से मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रीमा ने की। कार्यक्रम में 25 महिलाओं ने भाग लिया।
शिविर की शुरुआत महिलाओं के परिचय और आपसी संवाद से हुई। महिलाओं ने अपने जीवन से जुड़ी परेशानियों, सुख-दुख और दैनिक अनुभवों को एक-दूसरे के साथ साझा किया। बातचीत के दौरान महिलाओं ने बताया कि उनका अधिकांश समय बच्चों की देखभाल, घरेलू कार्यों और परिवार की जिम्मेदारियों में बीत जाता है। ऐसे में वे अपने लिए समय बहुत कम निकाल पाती हैं।

स्वास्थ्य को लेकर चर्चा के दौरान महिलाओं ने अपनी विभिन्न शारीरिक परेशानियों के बारे में भी जानकारी दी। उन्हें समझाया गया कि शारीरिक बीमारी की तरह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां हमेशा दिखाई नहीं देतीं, लेकिन उनका असर व्यक्ति के मन और दैनिक जीवन पर पड़ सकता है।
चर्चा के दौरान महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे रोजमर्रा की कई परेशानियों को किसी से साझा नहीं करतीं और उन्हें अपने मन में ही रखती हैं। इससे मानसिक बोझ बढ़ता रहता है। महिलाओं ने कहा कि यदि वे नियमित रूप से एक-दूसरे से बातचीत करें और अपनी परेशानियां साझा करें तो इससे उन्हें भावनात्मक रूप से राहत मिल सकती है।
महिलाओं ने संगठन से जुड़ने के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि संगठन की बैठकों में उन्हें अपनी समस्याएं रखने और दूसरों के साथ समय बिताने का अवसर मिलता है। सोलन में आयोजित बैठकों में शामिल होने पर उन्हें कुछ समय के लिए अपनी परेशानियों से दूर होकर खुश रहने का अवसर मिलता है।
शिविर में महिलाओं ने बताया कि वे मानसिक रूप से स्वस्थ और खुश रहने के लिए हर महीने बैठक करती हैं, एक-दूसरे के घर जाकर बातचीत करती हैं तथा समय-समय पर घूमने भी जाती हैं। उनके अनुसार आपसी संवाद और साथ बिताया गया समय उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मन को हल्का करने में मदद करता है।
बैठक के अंत में महिलाओं ने माना कि अपनी भावनाओं और परेशानियों को विश्वसनीय लोगों के साथ साझा करना, एक-दूसरे का सहयोग करना तथा अपने लिए थोड़ा समय निकालना मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।








