*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर जोरदार राजनीतिक हमला बोला है। मुख्यमंत्री द्वारा चुनाव परिणाम को ‘नॉर्मल रूटीन’ बताए जाने पर पलटवार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव इतना ही सामान्य था तो कांग्रेस सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को रोकने के लिए पूरी ताकत क्यों झोंकी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कभी डिजास्टर एक्ट का सहारा लिया तो कभी नए नियम-कायदे बनाकर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों और प्रत्याशियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए तथा अधिकारियों के माध्यम से जिला पंचायत सदस्यों पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह सब मुख्यमंत्री की नजर में ‘नॉर्मल रूटीन’ था?
उन्होंने कहा कि सरकार ने पंचायती राज चुनाव को लेकर बार-बार ऐसे कदम उठाए, जिन पर न्यायालय में भी सवाल उठे। जयराम ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों ने अपने राजनीतिक करीबियों और सहयोगियों को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों में बदलाव का रास्ता अपनाया, लेकिन न्यायालय ने सरकार के कई प्रयासों को स्वीकार नहीं किया।
हार के बाद मुख्यमंत्री को याद आया ‘नॉर्मल रूटीन’
जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि जब चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत होती है तो मुख्यमंत्री उसे ‘सामान्य प्रक्रिया’ बताने लगते हैं, लेकिन चुनाव से पहले यही सरकार पूरी मशीनरी चुनावी समीकरण अपने पक्ष में करने में लगा देती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को कम से कम जनादेश का सम्मान करते हुए हार को स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे पहले मुख्यमंत्री जिला परिषद और ब्लॉक समिति सदस्यों की राजनीतिक अहमियत को ‘एक दिन’ की बताकर जनप्रतिनिधियों के जनादेश का अपमान कर चुके हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सबसे बड़ा होता है और उसे छोटा करके देखने की कोशिश कांग्रेस की लोकतांत्रिक सोच पर सवाल खड़े करती है।
‘कांग्रेस में सरकार कम, गुट ज्यादा चल रहे’
नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के अंदर चल रही कथित गुटबाजी को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार के कामकाज से ज्यादा कांग्रेस के अंदरूनी समीकरण चर्चा में हैं। पहले से निर्धारित कैबिनेट बैठक रद्द होना, जन संवाद कार्यक्रम का नहीं होना और कांग्रेस नेताओं का दिल्ली पहुंचना इसी राजनीतिक अस्थिरता की ओर इशारा करता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के अलग-अलग गुट अपनी-अपनी ताकत दिखाने में जुटे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि प्रदेश की सरकार कौन चला रहा है और कांग्रेस में इस समय किस गुट का दबदबा है? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को भविष्यवाणी करने के बजाय प्रदेश की जनता को यह बताना चाहिए कि उनकी सरकार में आखिर चल क्या रहा है।
‘सुक्खू-शुल्क’ से जनता परेशान : जयराम
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में ‘सुख’ के नाम पर ‘शुल्क’ की सरकार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पर लगातार नए शुल्क और आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की अधिसूचनाओं में कहीं सेवा बंद करने की बात होती है, कहीं संस्थान बंद करने की और कहीं नया शुल्क लगाने की। अब परिवार रजिस्टर की नकल जैसी आवश्यक सुविधा पर भी शुल्क लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टाम्प सहित अन्य जरूरी जन सुविधाओं की लागत बढ़ाने के फैसलों का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को अब राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। जिला पंचायत चुनाव का परिणाम यह बताने के लिए पर्याप्त है कि सरकारी दबाव और राजनीतिक हथकंडों के बावजूद लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता और उसके चुने हुए प्रतिनिधि ही करते हैं।








