पागल नाला बना सैंज घाटी की लाइफलाइन के लिए खतराबार-बार बंद हो रहा

Share this post

ऑट-लारजी-सैंज मार्ग, स्थानीय लोगों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग

  *देवभूमि न्यूज 24*

सैंज (कुल्लू)। सैंज घाटी की लाइफलाइन माने जाने वाले ऑट-लारजी-सैंज मार्ग पर पागल नाला एक बार फिर बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। भारी मलबा आने से सड़क मार्ग बंद हो गया, जिससे घाटी में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क बहाली के लिए जेसीबी लगाकर मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पागल नाला पर हर बार मलबा आने के बाद सड़क खोलने की कवायद होती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। बरसात के दौरान यह स्थान लगातार खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि पागल नाला की समस्या को केवल अस्थायी तौर पर मलबा हटाकर न निपटाया जाए, बल्कि यहां स्थायी सुरक्षा एवं सड़क संरक्षण के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
लोगों के अनुसार ऑट-लारजी-सैंज मार्ग बंद होने का सीधा असर पूरी सैंज घाटी पर पड़ता है। बणोगी, सैंज, मझाण, न्यूली, शैंशर और गड़ापारली सहित कई क्षेत्रों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। कुल्लू की ओर जाने वाली बस सेवाएं भी रुक जाती हैं। इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों, व्यापारियों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि पागल नाला केवल एक सड़क का हिस्सा नहीं, बल्कि पूरी सैंज घाटी को बाहरी क्षेत्र से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। पिछली घटनाओं में भी मलबा आने से करीब 15 पंचायतों का संपर्क प्रभावित हो चुका है। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से बरसात से पहले संवेदनशील स्थान पर वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षा कार्य करवाने, पानी की निकासी की व्यवस्था मजबूत करने और सड़क को बार-बार बंद होने से बचाने के लिए स्थायी योजना तैयार करने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि हर बार सड़क बंद होने के बाद जेसीबी भेजना समाधान नहीं है। सरकार और विभाग को पागल नाला की समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि सैंज घाटी के हजारों लोगों का आवागमन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।