भव्य जागरा में हिमाचल के लोक कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई: शिलाई से दो किलोमीटर दूर गांव पश्मी में 13 और 14 सितंबर को महासू महाराज जागरा का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालु भाग लेंगे। जागरा का आयोजन रात्रि आठ बजे से किया जाएगा।
आयोजन समिति महासू पश्मी रॉयल विरासत सिरमौर की ओर से आयोजित किए जा रहे इस जागरा में चालदा महासू महाराज की आराधना और गुणगान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोक गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
जागरा में गौरव शर्मा, अत्तर शाह, दीप खदरा, अनूप चंगटा, दीवान सिवानी, सनी दयाल, विक्की चौहान, अज्जू तोमर, दलजीत, अजय चौहान, रमना भारती और प्रमेश बिजल्वाण सहित अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे। लोक संगीत और धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में महासू महाराज का गुणगान किया जाएगा।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं से दोनों दिन कार्यक्रम में पहुंचने का आग्रह किया है। जागरा को लेकर पश्मी क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं।
पश्मी में 13-14 सितंबर को गूंजेंगे महासू महाराज के जयकारे








