दिगवा-गताधार सड़क आज भी अधूरी उम्मीद, लहसुन-टमाटर से लेकर राशन तक पीठ और खच्चरों पर ढोने को मजबूर ग्रामीण
पूर्व में 25 लाख का टेंडर लगा, लेकिन शुरू नहीं हो पाया काम; उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान से फिर उठी सड़क निर्माण की मांग
*देवभूमि न्यूज 24*
शिलाई : विकास की रफ्तार के इस दौर में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कई गांव आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के इंतजार में हैं। बिडला-दिगवा पंचायत के दिगवा, खल्यानटी, सोनल, पाउरी, सुनकोरी, फैलाच, पटना और रानोह सहित आसपास के ग्रामीणों के लिए दिगवा से रेणुका विधानसभा क्षेत्र के गताधार तक करीब आठ किलोमीटर सड़क का निर्माण आज भी बड़ी जरूरत बना हुआ है। सड़क न होने का सबसे बड़ा खामियाजा किसानों और ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार लहसुन, टमाटर, मटर, आलू और अदरक जैसी नगदी फसलों को बाजार तक पहुंचाने के लिए किसानों को पैदल चलने या खच्चरों का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ता है। इससे जहां परिवहन लागत बढ़ती है, वहीं किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में अतिरिक्त समय और मेहनत भी करनी पड़ती है। रोजमर्रा का राशन और अन्य आवश्यक सामान पहुंचाना भी ग्रामीणों के लिए चुनौती बना हुआ है।
25 लाख का टेंडर, फिर भी जमीन पर नहीं उतरी सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि दिगवा से गताधार सड़क निर्माण को लेकर पहले भी पहल हुई थी। जानकारी के अनुसार करीब 25 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से सड़क का काम शुरू नहीं हो सका। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि जब सड़क निर्माण की प्रक्रिया पहले आगे बढ़ चुकी थी तो अब इसे दोबारा प्राथमिकता देकर धरातल पर क्यों नहीं उतारा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं होगी, बल्कि कई गांवों के किसानों के लिए बाजार तक सीधी पहुंच का रास्ता बनेगी। सड़क बनने से कृषि उत्पादों की ढुलाई आसान होगी और ग्रामीणों को खच्चरों तथा पीठ पर सामान ढोने की मजबूरी से राहत मिल सकती है।
राजनीति से ऊपर उठकर सड़क के लिए एकजुट होने की अपील
स्थानीय जागरूक युवाओं और बुद्धिजीवियों हेमराज राणा, सुनील चौहान, राजेश ठाकुर, सुमित शर्मा, अमन चौहान, सुरेश चौहान, बलदेव ठाकुर, नरेश कुमार, गोपाल सिंह, विक्रम ठाकुर, धनवीर सिंह, यशपाल चौहान, कंठी राम शर्मा, देव शर्मा और के. शर्मा ने उद्योग मंत्री एवं स्थानीय विधायक हर्षवर्धन चौहान से इस सड़क निर्माण को लेकर पुनः प्रभावी प्रयास करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि सड़क किसी दल या व्यक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि ग्रामीणों की मूलभूत जरूरत है। क्षेत्र के दोनों राजनीतिक दलों से जुड़े शिक्षित और जागरूक युवाओं तथा बुद्धिजीवियों को निजी राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर इस मांग को सरकार और संबंधित विभाग के समक्ष मजबूती से उठाना चाहिए।
ग्रामीणों ने उद्योग मंत्री से लोक निर्माण विभाग के माध्यम से दिगवा-गताधार सड़क निर्माण की प्रक्रिया को फिर से आगे बढ़ाने और पूर्व में लगाए गए टेंडर के बाद रुके कार्य की स्थिति स्पष्ट करवाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब आश्वासन से आगे बढ़कर सड़क को धरातल पर उतारने की जरूरत है, ताकि वर्षों से सड़क सुविधा का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को वास्तविक राहत मिल सके।
स्वतंत्र पत्रकार
हेमराज राणा








