देवभूमि न्यूज 24
मंडी : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शिरकत की। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय विधायक विनोद कुमार की अगुवाई में उनका स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव टालने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों में जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है और ‘तालाबंदी’ सुक्खू सरकार की कार्यशैली का हिस्सा बन गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन विकास के मामले में प्रदेश वहीं खड़ा है, जहां भाजपा सरकार इसे छोड़कर गई थी।
दिल्ली दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया दिल्ली दौरे पर भी जयराम ठाकुर ने निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर परिस्थितियां ठीक नहीं हैं और मंत्री तथा विधायक अलग-अलग राजनीतिक उद्देश्यों को लेकर दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ मंत्री मुख्यमंत्री को हटाने और कुछ विधायक मंत्री बनने की कोशिश में दिल्ली गए थे।
उन्होंने मंत्री पद को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से की जा रही घोषणाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया पूरी किए बिना इस तरह की घोषणाएं करना विधायकों की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ है।
2027 में भाजपा की जीत का दावा
जयराम ठाकुर ने राजनीतिक आंकड़ों का जिक्र करते हुए दावा किया कि मंडी जिले की सभी दस विधानसभा सीटों पर 2027 में भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कांगड़ा में भी भाजपा के मजबूत प्रदर्शन का दावा किया। उन्होंने शिमला और हमीरपुर जिला परिषद चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन को सरकार के खिलाफ जनता का संदेश बताया।
हिमकेयर योजना पर सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष ने हिमकेयर योजना को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई यह योजना प्रदेश के लोगों के लिए बेहद उपयोगी रही है, लेकिन वर्तमान सरकार इसे बंद करने और बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री विधानसभा में हिमकेयर योजना में 1100 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते रहे हैं, जबकि उनके अनुसार योजना शुरू होने से अब तक कुल करीब 850 करोड़ रुपये ही खर्च हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब 100 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी की जांच करवाई जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिमकेयर योजना में घोटाला है तो सरकार उसे साबित करे। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इस जांच की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।
इस दौरान स्थानीय विधायक विनोद कुमार ने भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से बिना किसी दबाव के ईमानदारी और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।
हिमकेयर योजना को बदनाम करने के लिए रचा जा रहा जांच का नाटक : जयराम ठाकुर








